लोक कल्याण के लिए 11 साल से चल रही रामधुन का समापन
आलमपुर में रामधुन का किया गया समापन
आलमपुर में कारसदेव मंदिर पर पिछले 11 साल से लोक कल्याण के लिए चल रही रामधुन का शनिवार को समापन किया गया। समापन के लिए सैकड़ों श्रद्धालु रामधुन गाते हुए कांक्सी सरकार के लिए रवाना हुए। करीब 18 किमी की पैदल यात्रा तय करने के बाद कांक्सी सरकार मंदिर पर धुन का समापन किया गया। इसके बाद संतों के लिए भंडारे का आयोजन रखा गया। नगर में सभी समाजों के लोग वर्ष 2009 से वार्ड 6 में मंदिर पर रामधुन गाकर जनकल्याण के लिए भगवान से प्रार्थना करते थे। यह रामधुन 11 साल के लिए गाई जाती है। इससे पहले साल 1998 से मंदिर पर रामधुन चल रही थी। रामधुन में चल रहे नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष रामकुमार त्रिपाठी ने बताया कि ओरछा में राजा राम के मंदिर से रामधुन की शुरुआत की जाती है। इस बार भी निश्चित दिन तय करके राम मंदिर से यह धुन उठाई जाएगी। यात्रा में साथ चल रहे मुन्नालाल झा, कवि त्रिपाठी, राकेश निरंजन, वैजू झा, महेंद्र भगत आदि लोगों ने बताया कि इस धर्म के कार्य में सभी जनमानस एक साथ आते हैं। ऐसा करने से नगर में आने वाली बड़ी विपदा टल जाती है।