- Hindi News
- National
- Bhind News Mp News Allegations Of Students Sitting On Dharna In Navodaya Beaten With Sticks The Principal Said Punishment For Loitering
नवोदय में धरने पर बैठे छात्रों का आरोप- डंडों से पीटा, प्राचार्य बोले- आवारागर्दी की दी सजा
स्कूल पहुंचे एसडीएम की समझाइश पर भी नहीं माने छात्र, देर रात तक धरने पर बैठे रहे
बिरखड़ी के जवाहर नवोदय विद्यालय में शुक्रवार की सुबह कक्षा 10, 11 और 12 के करीब 75-82 छात्र धरने पर बैठ गए। इन छात्रों का आरोप था कि प्रिंसिपल एके तिवारी ने इलेक्ट्रीशियन के साथ मिलकर रात सवा 10 बजे हाईस्कूल के 10-12 छात्रों को बेवजह डंडाें से पीटा। मामले ने जब तूल पकड़ा तो दोपहर 12 बजे लहार एसडीएम ओमनारायण सिंह स्कूल में पहुंचे। एसडीएम ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र धरना खत्म करने को राजी नहीं हुए। प्रिंसिपल तिवारी सुबह किसी काम से बाहर चले गए थे। इसके बाद छात्रों ने विद्यालय में प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्राचार्य तिवारी से जब एसडीएम ने बात की तो उन्होंने भी छात्रों पर अभद्रता के आरोप लगाए। इस बीच यह मामला नवोदय विद्यालय समिति के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया है। वहीं छात्र देर रात तक धरने पर बैठे रहे।
धरने पर बैठे नवोदय विद्यालय के छात्रों ने एक होकर प्रिंसिपल तिवारी और इलेक्ट्रीशियन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्कूल में पहुंचे एसडीएम को छात्रों ने वे डंडे भी दिखाए जिनसे उनके साथ मारपीट की गई। स्टाफ की तरफ से दलील दी गई कि छात्र स्कूल में पढ़ाई से अधिक आवारागर्दी करते हैं। कुछ छात्रों के अभिभावकों को इसकी शिकायत की है। रात में इसी तरह की आवारागर्दी करने की शिकायत मिली थी जिस पर प्रिंसिपल और कुछ स्टाफ के लोगों ने होस्टल में छात्रों को सख्ती से समझाया था। वहीं स्कूल के छात्र मारपीट करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। काफी गहमागहमी के बाद एसडीएम ने दोनों पक्षों को आश्वस्त किया है कि वे अपने आवेदन दें, हम जांच कर मामले में कार्रवाई करेंगे।
छात्रों ने आवारागर्दी की थी, अन्य शिकायतें भी थीं
एके तिवारी, प्रिंसिपल, जवाहर नवोदय विद्यालय, बिरखड़ी
कंधे पर डंडे से पिटाई का निशान दिखाता छात्र ।