- Hindi News
- National
- Bhind News Mp News Corona39s Awe School Colleges Will Be Discharged From Today Board Examinations Will Be On Scheduled Time
कोरोना का खौफ: आज से स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी, बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित समय पर होंगी
लोकल परीक्षाएं छुटि्टयों के बाद होंगी
कोरोना वायरस के खौफ के चलते जहां एक ओर शासन द्वारा स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है वहीं दूसरी ओर निजी स्तर पर कराए जाने वाले बड़े सार्वजनिक आयोजन भी रद्द किए जाने लगे हैं। व्यापारियों ने माल की खरीद फरोख्त करने और रोजगार के सिलसिले में बाहर जाने वालों ने यात्राएं स्थगित कर दी हैं। बसों में यात्रियों की संख्या में एकाएक कमी आ गई है। जिन स्कूलों में परीक्षाएं होना है, उनमें छुट्टियों के बाद परीक्षाएं कराई जाएंगी। इन दिनों लोग सावधानी बतौर अपने मुंह पर मॉस्क लगाने लगे हैं।
यहां बता दें शासन द्वारा आगामी आदेश तक स्कूलों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है लेकिन 5वीं, 8वीं, 10वीं व 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित तारीखों पर होंगी। अवकाश के दिनों में सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में कक्षाएं नहीं लगेंगी। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों सहित अन्य कर्मचारी निश्चित समय तक उपस्थित रहकर अन्य महत्वपूर्ण कामकाज करेंगे। प्राइवेट स्कूलों में संचालक अपने स्टाफ को बुलाए जाने को लेकर निर्णय स्वत: कर सकेंगे। इसी प्रकार शासकीय व अशासकीय काॅलेजों में अवकाश रहेगा।
विधायक संजीव सिंह कुशवाह द्वारा प्रतिवर्ष होली के त्योहार के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाला मिलन समारोह निरस्त कर दिया है।
विधायक ने निरस्त किया होली मिलन
काॅलेजों में प्रभावी होगा छुट्टी का आदेश
कलेक्टर छोटे सिंह ने बताया कि स्कूलों की तरह कॉलेजों में भी अवकाश रहेगा। कॉलेजों में परीक्षाएं जरूर अपने निर्धारित समयानुसार होंगी। इसके अलावा सिनेमा घर भी बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कोरोना वायरस के प्रभाव की आशंका के मद्देनजर बड़े आयोजन नहीं किए जाएंगे। वहीं अस्पताल में भी कोरोना वायरस को लेकर विशेष तैयारी की गई है। एक 10 पलंग का अलग वार्ड बनाया गया है। डॉक्टरों को भी प्रशिक्षित किया गया है।
कई लोगों ने अपनी भ्रमण यात्राएं की रद्द
कोरोना वायरस के खौफ के चलते कई लोगों ने अपने घूमने फिरने के कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। ओरछा भ्रमण के लिए जा रहे स्थानीय बालाजी नगर निवासी विष्णु सारस्वत ने अपनी यात्रा स्थगित कर दी है। इसी प्रकार नबादा बाग निवासी धीरज सविता ने बताया कि कोरोना वायरस की वजह से उन्होंने अपना मथुरा वृंदावन जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया है। इसके अलावा लोग लंबी दूरी की यात्राएं करने से बच रहे हैं।
स्कूल संचालक बोले- बाद में कराएंगे परीक्षाएं
शहर के सनराइज स्कूल के संचालक राजेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि उनके यहां परीक्षाएं होना थी लेकिन अब जब अवकाश घोषित कर दिया गया है तब छुटि्टया खत्म होने पर परीक्षाएं कराएंगे। इसी प्रकार विद्यावती पब्लिक स्कूल के संचालक अमित दुबे ने बताया कि उनके यहां परीक्षाएं कराकर बच्चों की छुट्टी कर दी गई हैं।
बसों में यात्रियों की संख्या में आई कमी
कोरोना के खौफ के चलते बसों में यात्रियों की संख्या में एकाएक कमी आना शुरू हो गई है। केएस भदावर ट्रेवल्स के संचालक जसवीर सिंह भदौरिया ने बताया भिंड- दिल्ली के बीच चलने वाली बस में आमतौर पर 40- 50 यात्री जाते रहे हैं पर आज- कल इनकी संख्या 10-15 के बीच चल रही है। यही स्थिति अहमदाबाद के लिए चल रही बसों में हो गई है।
सिनेमा घर बंद रहेंगे, बड़े आयोजन भी टाले जा रहे, लोगों ने यात्राएं निरस्त कीं, लंबी दूरी की बसें चल रहीं खाली
जिला अस्पताल में मास्क लगाकर मरीजों को देखते डॉक्टर ।