डायल 100 ने गुम बच्ची को सकुशल घर पहुंचाया
घर से नाराज होकर चली गई थी बच्ची
शहर के मीरा कॉलोनी में एक 13 साल की बच्ची परिजन से नाराज होकर गुरुवार को बिना बताए घर से चली गई थी। बच्ची के अचानक चले जाने से परेशान परिजन दिनभर बच्ची को नाते-रिश्तेदार और जान-पहचान वालों के यहां खोजते रहे। लेकिन जब बच्ची का पता नहीं चला तो शुक्रवार सुबह 7 बजे उन्होंने बच्ची के गुम होने की सूचना 100 डायल भोपाल को दी।
डायल 100 पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल से देहात थाना 100 डायल को सुबह 7.30 बजे बच्ची के गुम होने की सूचना मिली। जिसके बाद 100 डायल पायलट रामवरन कुशवाहा आैर सिपाही राजेश गर्ग ने सुबह 9 बजे ग्वालियर रोड पेट्रोल पंप के पास बच्ची को खोजकर कोतवाली पहुंचाकर परिजन को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने गुम बच्ची को सकुशल माता-पिता के सुपुर्द किया।
गोहद में गुम हुए दो बच्चों को पहुंचाया घर: डायल 100 पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल से पुलिस कंट्रोल रूम भिंड को सूचना मिली कि दो नाबालिग बच्चे रोते हुए लावारिश हालत में गोहद में आईसी कॉलेज के पास मिले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल 100 डायल को मौके पर भेजा। एफ़आरवी स्टाफ ने दोनों बच्चों को अपने संरक्षण में लेते हुए बच्चों को उनके परिजनों तक पहुंचाया।