- Hindi News
- National
- Phuph News Mp News Drains Made In Place Of Drain Now Waterlogging Is Happening
नाले की जगह बनाईं नालियां, अब हो रहा जलभराव
फूप के वार्ड 14 में नगर परिषद ठेकेदार ने नाले की जगह नालियां बनाकर जलभराव की समस्या उत्पन्न कर दी है। समस्या से जूझ रहे रहवासियों ने गुरुवार को प्रदर्शन कर नप का घेराव कर लिया। यहां लोगों ने सीएमओ प्रदीप शर्मा के नाम बाबू को ज्ञापन दिया है। रहवासियों ने कहा है कि समस्या से निजात नहीं मिली तो जल्द ही वह भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। इसके साथ ही वार्डवासियों ने कलेक्टर छोटे सिंह से मिलकर नप ठेकेदार के खिलाफ शिकायत की है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी अरविंद शर्मा ने कहा कि मोहल्लों में न पक्की सड़कें बनाई हैं और न हीं गंदे पानी की निकासी के लिए नाले बने हैं। पूर्व में रहवासियों की शिकायत के बाद प्रशासन ने नाला निर्माण की मंजूरी दी थी लेकिन ठेकेदार ने नाला बनाने की जगह नाली बना दी है। जिससे मोहल्ले से निकले बड़े नाले का पानी नालियों के माध्यम से सड़कों पर भर रहा है। जिससे लोगों का आवागमन बंद हो गया है। सीएमओ ने समस्या निदान के लिए आश्वासन दिया था पर समस्या खत्म होने की बजाय लोगों के लिए और मुसीबत बढ़ा दी है।
तिराहे पर रहता है अंधेरा
समाजसेवियों ने प्रशासन के अधिकारियों को चेताया है कि भदाकुर तिराहे पर हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएं जिससे आए दिन हो रही चोरियों पर प्रतिबंध लग सके। रहवासियों ने कहा कि तिराहे पर लाइटें न लगने से रात होते ही अंधेरा छा जाता है। विगत दिनों पहले गुप्ता ज्वैलर्स की दुकान में चोरों ने अंधेरे का लाभ लेकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके साथ ही पाली रोड पर लोग आज भी बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों के घरों में रात भर अंधेरा रहता है। स्थानीय रहवासी विट्टू भदौरिया, राजा चौहान, आकाश भदौरिया, भास्कर शर्मा, यूनिस भदौरिया, अरविंद शर्मा ने कहा कि अगर सुनवाई नहीं हुई तो अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल पर बैठकर शासन की नींद हराम कर देंगे।
नगर के वार्डों की समस्याओं को लेकर नप में ज्ञापन देते रहवासी।