होली आज: हुड़दंगियों पर 300 जवान रखेंगे नजर
होलिका दहन के साथ होली का त्योहार शुरू हो गया है। होली में नशेड़ियों और हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए 300 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस 60 वाहनों से निरंतर पेट्रोलिंग कर रही है। कोई भी गड़बड़ी करते हुए मिला तो उसे तत्काल लॉकअप में भेज दिया जाएगा।
पूर्णिमा को सांयकाल अधिकांश स्थानों पर होलिका दहन 7.30 बजे के बाद किया गया। इसके पहले लोगों ने श्रद्धापूर्वक होलिका का पूजन किया। जैसे ही होलिका दहन हुआ वैसे ही एक-दूसरे को गुलाल लगाने का दौर शुरू हो गया। ग्रामीण अंचल में फाग गायन होने लगा है। लोग ढोलक, मजीरा, खंजरी की थाप पर फाग गायन कर रहे हैं तथा बड़ी संख्या में लोग इसका लुत्फ उठा रहे हैं। युवाओं ने कई जगह गुलाल और फूलों की होली खेलने की तैयारी कर ली है।
नशेड़ियों व हुड़दंगियों पर नजर रखेंगे नजर: एसपी नागेंद्र सिंह के मुताबिक नशेड़ियों और हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए छोटे- बड़े वाहनों से पेट्रोलिंग की जा रही है तथा फिक्स पाइंटों पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। मंगलवार को दिनभर यह जवान तैनात रहेंगे।
कलेक्टर ने किया पानी की बचत करने का आह्वान: कलेक्टर छोटे सिंह ने तिलक व फूलों की होली खेलने के साथ ही पानी की बचत करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि होली ऐसे खेलें कि किसी को कष्ट न हो।
गौरी सरोवर किनारे चंदू की तिवरिया में होलिका दहन करते हुए लोग।