- Hindi News
- National
- Bhind News Mp News Kamal Nath Government Intimidated By Sending Police To Bjp39s House Singh
भाजपाइयों के घर पुलिस भेजकर डरा रही कमलनाथ सरकार: सिंह
अटेर विधायक के घर पुलिस की दबिश से भाजपा नाराज
अटेर विधायक अरविंद भदौरिया के घर पुलिस भेजे जाने के विरोध में शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष नाथू सिंह गुर्जर ने मीडिया के बीच कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के घर पुलिस भेजकर कमलनाथ सरकार भय का वातावरण बनाना चाहती है। 1956 से प्रदेश में ऐसी अराजकता माहौल कभी नहीं देखा गया। कांग्रेस बिहार, बंगाल और केरल की तरह मध्यप्रदेश को बनाना चाहती है। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह कुशवाह, अवधेश सिंह कुशवाह, केशव सिंह भदौरिया सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।
जिलाध्यक्ष गुर्जर ने कहा कि कल की घटना को लेकर उन्होंने भिंड एसपी नागेंद्र सिंह को फोन लगाया था। लेकिन उन्होंने उठाया नहीं। हम इस मुद्दे को कानूनी पहलू से भी देखेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि कांग्रेस की सरकार को हम नहीं गिरा रहे हैं वह तो खुद ही गिरी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस राजनैतिक विद्वेष की भावना छोड़कर ओलावृष्टि से बर्बाद हुए किसानों को शीघ्र मुआवजा दे। वहीं इस घटना को लेकर जल्द ही भाजपा बड़ा आंदोलन करेगी। इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता अशोक सिंह कुशवाह, आनंद बरुआ, गुरुदेव नरवरिया, देवेंद्र सिंह नरवरिया, बजरंग सिंह भदौरिया सहित काफी नेता मौजूद थे।