- Hindi News
- National
- Bhind News Mp News Levels Not Mixed While Draining Drains Have Started Filling Dirty Streets
नालियां बनाते समय नहीं मिलाया लेवल अब गलियों में भरने लगा है गंदा पानी
शिकायत के बाद भी नगर पालिका ने नहीं किया कोई निराकरण
शहर के हनुमान बजरिया मार्केट में जलनिकासी के लिए नगर पालिका द्वारा फरवरी माह में मेन रोड पर नालियों का निर्माण कराया था। लेकिन नालियों को बनाते समय नपा इंजीनियरों ने लेवल नहीं लिया। ऐसी स्थिति में बजरिया बाजार की मेन रोड सहित आसपास की गलियों में जलभराव होने लगा है। जिससे स्थानीय लोगों सहित अन्य राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसके अलावा बजरिया में सीवर लाइन बिछाने के दौरान जो नल लाइन टूट गई थी, उनकी अभी तक मरम्मत नहीं होने से लोगों के घरों में सुबह-शाम गंदा पानी सप्लाई हो रहा है, खास बात तो यह है इन दिक्कतों से बजरिया निवासी पूर्व सीएमओ सुरेंद्र शर्मा सहित नपा के अन्य अधिकारियों को कई बार अवगत करा चुके हैं। उसके बाद भी उनकी समस्या को नगर पालिका गंभीरता से नहीं ले रही है।
पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह ने फरवरी माह में बजरिया की बदहाल स्थिति को लेकर गोल मार्केट पर धरना दिया था, पूर्व मंत्री चौधरी के धरने के बाद जिला प्रशासन और नगर पालिका ने गंभीरता दिखाते हुए बजरिया में सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी के लिए तुरंत नालियों का निर्माण कार्य शुरू कराया था। लेकिन निर्माण के दौरान इंजीनियरों ने बिना लेवल लिए हुए नाली बना दी। जिसके बजरिया मार्केट की मेन रोड से जो गलियां जुड़ी हुई हैं, उनकी ऊंचाई मुख्य रोड से कम रह गई। जिससे गलियों में बने घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी नहीं होने से वह गलियों की सड़क पर जमा हो रहा है। इसके अलावा कुछ गलियों में पानी ओवरफ्लो बजरिया की मेन रोड पर भरने लगा है।
स्थानीय रहवासी बोले- आवागमन में हाे रही परेशानी
बजरिया निवासी मोनू तोमर, मनीष श्रीवास मुरारी लाल गुप्ता आदि का कहना है कि बजरिया सहित गलियों में जलभराव होने से जहां पानी भरा हुआ है वहीं कीचड़ होने से हम लोगों के साथ अन्य राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। जलभराव होने से पिछले तीन दिन से बच्चों को लेने के लिए स्कूल वाहन भी गलियों तक नहीं पहुंच रहे हैं। नगर पालिका द्वारा जलनिकासी के लिए जो नालियां बनाई हैं वह बिना लेवल लिए बना दी गई हैं, अगर निर्माण के दौरान इंजीनियरों के द्वारा लेवल लेकर नालियां बना गई होती तो जलभराव की समस्या से हम लोगों को नहीं जूझना पड़ता। सबसे अधिक बुरा हाल आरएसएस कार्यालय गली, प्रधान डाक घर के पास, द्वारिका पेड़ा हाउस के पास, जैन मंदिर, गंगा माता मंदिर के पास बना हुआ है। इन स्थानों पर जलभराव होने से लोगों का निकलना तक नहीं हो पा रहा है।
फूटी लाइन का मेंटेनेंस नहीं गंदा पानी पीने को मजबूर बजरिया के लोग
पार्षद अनूप पांडे, मुरारीलाल गुप्ता ने बताया कि सीवर लाइन बिछाने के दौरान बजरिया में पानी सप्लाई के लिए नगर पालिका द्वारा तीस साल पहले जो पानी की पाइप लाइन बिछाई गई थी वह फूट गई है। लाइन फूटी होने से स्थानीय लोगों के घरों में सुबह-शाम गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है। ऐसी स्थिति में पांच हजार से अधिक लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। स्थिति यह है कि लोग इस पानी की उपयोग बाहरी कामों के लिए कर रहे हैं। लेकिन पीने के पानी खरीद रहे हैं।
ग्राहकाें के कम आने से कारोबार प्रभावित
{व्यापारी राजू जैन, राकेश जैन आदि का कहना है पिछले छह माह से बजरिया में सीवर लाइन और पानी की पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इस दो विकास कार्यों के चलते बजरिया की सड़क खोदा गया लेकिन विकास कार्य धीमी गति से होने से यहां पर खरीदारी करने के लिए लोग आ रहे हैं ऐसे स्थिति में हमारा कारोबार काफी प्रभावित हुआ है। इन 6 माह में दीपावली और होली जैसे पर्व पर भी लोग खरीदारी करने कम आए थे।
{ वार्ड क्रमांक 17 के पार्षद अनूप पांडे का कहना है कि जनप्रतिनिधि शहर के विकास को लेकर सिर्फ बड़ी-ब़ड़ी बातें करते हैं। जमीनी स्तर पर हकीकत कुछ ओर है। बजरिया के व्यापारी और स्थानीय लोग पिछले छह माह से परेशान हैं। अतिक्रमण कार्रवाई, सीवर लाइन, पाइप लाइन बिछाने के काम के दौरान बाजार के व्यापारियों का कारोबार 6 माह से ठप है। हमारी शिकायत के बाद भी जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक और नगर पालिका अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई है।
आज ही पदभार संभाला है
ज्योति सिंह, सीएमओ, नपा, भिंड
शहर के बजरिया में सड़क पर भरा पानी दिखाते स्थानीय लोग।