- Hindi News
- National
- Ron News Mp News Lineman Kicks Young Man Without Permit Dies From Electric Current
लाइनमैन ने बिना परमिट खंभे पर चढ़ाया युवक, करंट से मौत
रौन के लारोल में बिजली कंपनी की लापरवाही से गई युवक की जान
रौन क्षेत्र के लारोल गांव में बिजली कंपनी के लाइनमैन ने एक युवक को बिना परमिट मेंटेनेंस के लिए खंभे पर चढ़ा दिया। युवक ने खंभे पर चढ़कर जैसे ही हाथ से एलटी लाइन का तार पकड़ा, वह करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका लगने से पीठ के बल सीसी रोड पर गिरा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सोमवार की दोपहर 3 बजे की है। एक घंटे बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक का शव पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने बिल जमा न करने के कारण घुरावर गांव की 4 दिन पहले लाइन बंद कर दी थी। सोमवार को गांव के पिंटू (25) पुत्र रूपसिंह बघेल ने लाइनमैन सुनील जैन से लाइन जोड़ने के लिए कहा, लेकिन उसने यह कहकर मना कर दिया कि खंभे पर नहीं चढ़ पाऊंगा और जो लड़का काम करता है, वह भी नहीं है। पिंटू ने कहा कि परमिट ले लो, मैं खंभे पर चढ़कर तार जोड़ लूंगा। इसके बाद लाइनमैन जैन ने ऑपरेटर शिवम दुबे को फोन करके लाइन बंद कराने के लिए परमिट लिया। मगर लाइन बंद होने से पहले ही पिंटू को खंभे पर चढ़ा दिया। उसने दोनों हाथों से तार पकड़े तो करंट से झुलसकर नीचे गिरा और दम तोड़ दिया।
जेई बोले- ऑपरेटर ने दिया था परमिट, जांच करेंगे
लारोल के सब स्टेशन पर तैनात लाइनमैन सुनील जैन खंभे पर नहीं चढ़ पाता है। लाइनों के मेंटेनेंस के लिए किसी प्राइवेट लड़के से काम कराता है लेकिन हादसे के दौरान प्राइवेट व्यक्ति नहीं था। बिजली कंपनी के जेई बलराम राजपूत ने बताया कि परमिट ऑपरेटर ने दिया था, जिसकी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा ने इस मामले में पड़ताल के बाद कार्रवाई की बात कही है।
मृतक पिंटू।