- Hindi News
- National
- Bhind News Mp News Not Everyone Needs A Mask Wear Only Caretakers Of Corona Sufferers Dr Rajawat
सभी को मास्क की जरूरत नहीं, कोरोना पीड़ित की देखभाल करने वाले ही पहनें: डॉ.राजावत
अस्पताल के स्टाफ और डॉक्टर्स को कोरोना से बचने के टिप्स दिए
कोरोना वायरस के इलाज को लेकर शुक्रवार को डब्ल्यूएचओ अधिकारी डॉ.नीरज सिंह राजावत ने जिला अस्पताल में तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन द्वारा कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के इलाज के लिए बनाए गए वार्डों को देखा। इस दौरान उन्होंने बैठक में अस्पताल के डॉक्टर्स और स्टाफ को कोरोना वायरस के संबंध में अहम जानकारियां दीं।
बैठक में डॉ. नीरज सिंह राजावत ने बताया कि दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामले जितनी तेजी से फैल रहे हैं लोगों में घबराहट उससे भी ज्यादा तेजी से बढ़ रही है। इसी का नतीजा है कि मास्क और सेनेटाइजर के लिए मारामारी हो रही है। जिसके चलते देशभर में मास्क की अचानक से डिमांड बढ़ गई है। जिससे मास्क के दाम इन दिनों आसमान छू रहे हैं, जो मास्क पहले 5 रुपए का बाजार में मिलता था वह आज 20 से 25 रुपए में मिल रहा है।
हर किसी को मास्क की जरूरत नहीं हैः डॉ. राजावत ने बताया कि अगर आप स्वस्थ हैं तो आपको मास्क की जरूरत नहीं है हां अगर आप किसी कोरोना वायरस से ग्रस्त व्यक्ति की देखभाल कर रहे हैं, तो बेशक आपको मास्क पहनना होगा। वहीं जिन लोगों को बुखार, कफ या सांस में तकलीफ की शिकायत है, उन्हें मास्क पहनना चाहिए और तुरंत ही डॉक्टर के पास जाना चाहिए।
डब्ल्यूएचओ डॉ. नीरज सिंह राजावत ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया है कि मास्क कैसे पहना जाए। डब्ल्यूएचओ के अनुसार मास्क पर सामने से हाथ नहीं लगाना चाहिए। अगर हाथ लग जाए तो तुरंत हाथ धोने चाहिए। मास्क को ऐसे पहनना चाहिए कि आपकी नाक, मुंह और दाढ़ी का हिस्सा उससे ढंका रहे। उतारते वक्त भी मास्क की इलास्टिक या फीता पकड़कर कर निकालना चाहिए, मास्क नहीं छूना चाहिए।
अस्पताल का किया निरीक्षण: बैठक के बाद डब्ल्यूएचओ अधिकारी डॉ. नीरज शर्मा ने सीएमएचओ डॉ. अजीत मिश्रा सहित अन्य डॉक्टर्स के साथ जिला अस्पताल का निरीक्षण करते हुए अस्पताल प्रबंधन द्वारा कोरोना वायरस इलाज की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान डॉ. राजावत ने 10 पलंग के क्वारिन्टाइन वार्ड, 4 पलंग के दो इन्फेक्शियस डिसीज कंट्रोल वार्ड सहित दवा स्टॉक को देखा। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. अजीत मिश्रा ने बताया कि हमारे पास पर्याप्त मात्रा में पीपीई किट, वीएमटी किट और टीवीवीईसी शूट उपलब्ध हैं। इस मौके पर डॉ.वीसी जैन, डॉ. अनिल गोयल, डॉ.जेएस यादव, डॉ.प्रभात उपाध्याय, डॉ. अवधेश सोनी, डॉ. रविंद्र चौधरी, डॉ.यूपीएस कुशवाह, डॉआरएन राजौरिया, डॉ.यशवंत सिंह आदि मौजूद रहे।
घबराएं नहीं, कोरोना से मृत्युदर दो प्रतिशत है
डॉ. शर्मा ने बताया कि अभी तक के हुए सर्वे के अनुसार कोरोना वायरस के तहत मृत्यु दर 100 में से 2 प्रतिशत रही है, वह भी जब मामला पॉजिटिव होगा तब, जबकि स्वाइन फ्लू बीमारी में संभावित मृत्यु दर 100 में 4.5 प्रतिशत थी। अगर आपको बाजार मास्क लगाने की जरूरत है और बाजार में मास्क नहीं मिल रहा है तो आप लोग घर पर सूती कपड़े का मास्क बनाकर उसको साफ पानी से धोने के बाद डिटॉल में डाल और सूखकर उस मास्क का उपयोग कर सकते हैं। इस दौरान सबसे ध्यान योग बात यह है कि हम लोगों को हाथ धोने पर विशेष ध्यान देना होगा ऐसा करने से हम कोरोना वायरस से बच सकते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि जागरूकता और बचाव से इस बीमारी से बच सकते हैं।
खांसी और छींक आने पर रूमाल नहीं होने पर कोहनी का भी उपयोग कर सकते हैं
आपकी सरकार आपके द्वार शिविर का आयोजन शुक्रवार को अटेर में आयोजित हुआ। शिविर में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.देवेश शर्मा ने मौजूद ग्रामीणों को बताया कि कोरोना वायरस को डब्ल्यूएचओ ने आपदा घोषित कर दिया है। इस बीमारी से बचना है तो हम लोगों को साफ-सफाई के साथ सावधान रहना होगा यानि बीमारी के प्रति जागरूक रहना जरूरी है, अगर किसी को खांसी और छींक आती है उस दौरान के पास रूमाल या फिर अन्य कोई कपड़ा नहीं है तो संबंधित व्यक्ति को अपने मुंह और नाक पर हाथ के स्थान पर कोहनी रखकर खांसना और छींकना चाहिए। साथ ही एक-दूसरे से हाथ मिलने की जगह हाथ जोड़कर नमस्कार करें।
जिला अस्पताल में कोरोना वायरस के संबंध में जानकारी देते अफसर।