खुले ट्रांसफार्मर आवारा पशुओं की ले रहे जान
कंपनी अधिकारियों का ध्यान नहीं, गोहद में कई बार हो चुके हैं हादसे
नगर के विभिन्न वार्डों में खुले पड़े ट्रांसफार्मर से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। विगत दिनों ही कोट का कुआं के पास वार्ड छह में एक आवारा गाय की ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर मौत हो गई। बावजूद बिजली विभाग के अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं है। आबादी क्षेत्रों में रखे गए ट्रांसफार्मरों के सर्किट खुले पड़े हैं। जहां से गुजरने वाले वाहन चालक या आम नागरिकों को करंट की घटनाओं से खामियाजा भुगतना पड़ता है। कोट का कुआं वार्ड छह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने, कन्या विद्यालय, नया बस स्टैंड के सामने आदि स्थानों में लगे ट्रांसफार्मर में खुले फ्यूज व तार विद्युत विभाग की लापरवाही साफ दिखाई देती है। वार्डवासियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खुला होने के कारण बच्चों या मवेशियों के लिए यह खतरनाक साबित हो सकता है। इन ट्रांसफार्मरों से कभी-कभी चिंगारी भी निकलती है, जिससे राहगीरों के लिए खतरा बना रहता है। कोट का कुअां के पास लगे ट्रांसफार्मर के आसपास के लोगों ने बताया कि डीपी में खुले तारों की शिकायत कंपनी अधिकारियों से कई बार की है। मगर सुनवाई तो दूर कोई कर्मचारी देखने तक नहीं आता है। अक्सर यहां चिंगारी निकलने से आगजनी की घटना घटने की आशंका रहती है। जिसकी ओर प्रशासन का ध्यान नहीं है। स्थानीय लोगों ने बिजली कंपनी को चेतावनी दी है कि अगर जल्द खुले ट्रांसफार्मर को बंद नहीं किया गया तो आंदाेलन किया जाएगा।