पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Ron News Mp News Resignation Of Executive District Head Organization Minister State General Secretary Said Now Waiting For Scindia39s Order

कार्यकारी जिलाध्यक्ष, संगठन मंत्री, प्रदेश महासचिव का इस्तीफा, बोले- अब सिंधिया के आदेश का इंतजार

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष बोले- सोशल मीडिया पर चल रहे इस्तीफे, हमें नहीं मिले

पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया। सिंधिया के भाजपा में शामिल होते ही भांडेर विधायक रक्षा संत राम सिरौनिया, कार्यकारी जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा सहित लगभग 12 सिंधिया समर्थकों ने भी अपने पदों के साथ कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। सभी के इस्तीफे सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कोई कह रहा है कि उन्होंने पीसीसी के मेल पर इस्तीफा भेजा है तो कोई कह रहा है उन्होंने पोस्ट कर दिए। दूसरी ओर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नाहर सिंह यादव का कहना है कि उन्हें किसी का इस्तीफा नहीं मिला। लोगों ने सोशल मीडिया पर इस्तीफा डाल कर अपने पास रख लिया है। वह पीसीसी कार्यालय में हैं। यहां अभी किसी का इस्तीफा नहीं आया।

शिवपुरी से लोस चुनाव हारने के बाद प्रदेश कांग्रेस में पूर्व केन्द्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में लगातार हासिए पर चल रहे थे। लगातार उपेक्षा का शिकार हो रहे सिंधिया ने मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। सिंधिया के इस्तीफे की खबर के साथ ही जिले में उनके समर्थकों ने भी इस्तीफा देना शुरू कर दिया। जिला व प्रदेश कांग्रेस कमेटी में विभिन्न पदों पर बैठे कांग्रेसियों ने सिंधिया के समर्थन में अपने इस्तीफे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इन समस्याओं के लिए मुख्यमंत्री को लिखा था पत्र...


{दतिया में एक ओर कॉलेज खोलने के लिए- इस पर शासन से पीजी कॉलेज से प्रस्ताव व जरूरत के लेकर कार्रवाई की है। पीजी कॉलेज से एक और पीजी कॉलेज होने का प्रस्ताव भेजा है।

{शहर की खराब सड़कों को लेकर- इसमें उन्होंने खासतौर से ठंडी सड़क का उल्लेख किया था। कलेक्टर स्तर पर ही इसका समाधान हो सकता था। लेकिन नहीं हुआ।

{बडौनी को अलग से ब्लॉक बनाने का- इस पर अब तक कोई कार्रवाई शुरू नहीं हुई।

{सर्वे- अतिवृष्टि से उड़द, सोयाबीन व तिल की फसल खराब होने पर सर्वे के बाद किसानों को मुआवजा देना- शासन ने सर्वे तक नहीं कराया।

{नियुक्ति- सेंवढ़ा व भांडेर के अस्पतालों में महिला डॉक्टरों की नियुक्ति। कुछ नहीं किया गया।

{बड़ौनी में नवीन तहसील भवन का निर्माण कराना। अब तक कोई कार्रवाई नहीं

{रोड निर्माण- इंदरगढ़-भांडेर मार्ग जर्जर है। इसका शीघ्र निर्माण कराने की आवाज उठाई। इंदरगढ़ में बायपास का निर्माण कराने के लिए भी प्रयास किए।

{कोतवाली स्थापना- व्यापारियों की मांग पर कोतवाली को फिर से किला चौक पर स्थापित करना। इस मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

सिंधिया की अनदेखी... समस्या समाधान के लिए पत्र लिखे, लेकिन हुआ कुछ नहीं


ज्योतिरादित्य सिंधिया 20 नवंबर 2019 को दतिया आए थे। उन्होंने स्थानीय गणमान्य नागरिकों, वकीलों व बुद्धिजीवियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी। बैठक में जो स्थानीय समस्याएं सामने निकल कर आई थीं। उनके समाधान को लेकर उन्होंने 22 और 23 नवंबर 2019 मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ-साथ कलेक्टर को भी सीधा पत्र लिखा था। लेकिन उन पर भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।

हमें नहीं मिला किसी का भी इस्तीफा

नाहर सिंह यादव, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस

इन्होंने दिया इस्तीफा...

दतिया विधान सभा...

{रवेंद्र सिंह गिन्नी राजा मप्र कांग्रेस सचिव थे, पूर्व में युवा कांग्रेस अध्यक्ष और नपा उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

{अशोक दांगी बगदा, वर्तमान में कांग्रेस कार्यकारी जिला अध्यक्ष थे। पूर्व में युवा कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं।

{सिल्लन साहू- किसान कांग्रेस में संगठन मंत्री थे।

{चंद्रभूषण पटैरिया, मप्र के आईटी सेल प्रदेश महासचिव थे।

{सुनील तिवारी प्रदेश सचिव कांग्रेस।

{अनिल राज श्रीवास्तव, सेवा दल जिला सचिव

भांडेर विधानसभा...

{भांडेर विधायक श्रीमती रक्षा संतराम सरोनिया ने दिया इस्तीफा

{विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व ब्लाॅक अध्यक्ष रहे हरिओम त्रिपाठी।

{भांडेर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ठाकुरदास खेमरिया

{अरुण कुमार अन्नू भारती भांडेर पूर्व प्रत्याशी विधानसभा

सेंवढ़ा विधानसभा...

{श्रीलाल कुशवाहा, कार्यवाहक ब्लॉक अध्यक्ष सेंवढ़ा

राजेश दांतरे बोले-भोपाल से लौट कर लूंगा निर्णय

कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य इंदरगढ़ के राजेश दांतरे भी सिंधिया समर्थक हैं। उन्होंने अभी कांग्रेस से इस्तीफा नहीं सौंपा है। जब दैनिक भास्कर ने उनसे फोन पर चर्चा की तो उन्होंने कहा कि वह अभी भोपाल में हैं। भोपाल से लौट कर वह अपने समर्थकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद सभी मिल कर निर्णय लेंगे।

महाराज के पदचिह्नों पर चलूंगी: भांडेर विधायक

वर्तमान में भांडेर विधायक रक्षा संतराम सिरौलिया बेंगलुरु के एक रिसॉर्ट में सिंधिया समर्थक विधायकों के साथ हैं। वहां से उन्होंने एक वीडियो जारी किया है। वह कह रहीं हैं कि वह अपनी मर्जी से साथ आई हैं। इस्तीफा भी अपनी मर्जी से दिया है। वह महाराज सिंधिया के पदचिह्नों पर चलेगा। जहां महाराज जाएेंगे। वह भी वहां जाएंगी।

महाराज के निर्देश पर उठाएंगे कदम: सिंधिया समर्थक

कांग्रेस छोड़ दी, लेकिन भाजपा ज्वाइन नहीं की- सिंधिया के समर्थन में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले उनके समर्थक अशोक दांगी बगदा, गिन्नी राजा आदि का कहना है कि अभी उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है। लेकिन भाजपा में शामिल नहीं हैं। वह महाराज के साथ हैं। महाराज का निर्देश मिलने पर ही अगला कदम उठाएंगे।

मेल से भेजा है इस्तीफा

कार्यकारी अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा, सिल्लन साहू, चंद्रभूषण पटैरिया का कहना है कि उन्होंने पीसीसी की मेल पर इस्तीफा भेज दिया है जबकि गिन्नी राजा कहते हंै कि उन्होंने अपना इस्तीफा पोस्ट कर दिया है। सभी सिंधिया के साथ होने की बात कहते हैं।

तस्वीर 15 अक्टूबर 2018 की है। दतिया में चुनावी सभा से पहले पीतांबर पीठ पर भोलेनाथ की पूजा अर्चना करते राहुल गांधी पीछे साथ-साथ खड़े मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व कांग्रेसी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया।
खबरें और भी हैं...