किसान बोले- साहब, हमारे तो खाने के भी लाले पड़ गए...
गोहद व मेहगांव क्षेत्र में ओला प्रभावित गावों में पहुंचे कलेक्टर
कलेक्टर छोटे सिंह ने गोहद एवं मेहगांव क्षेत्र के ओलावृष्टि प्रभावित 20 गावाें में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान लोगों ने कहा कि कई किसानों का शत प्रतिशत नुकसान हो गया है। खाने के लिए अनाज तक नहीं बचा है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि जिन किसानों का 100 प्रतिशत नुकसान हुआ है, उन्हें सस्ती दर पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को सर्वे कार्य शीघ्र शुरू कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए जिससे किसानों को जल्दी से जल्दी राहत राशि बांटी जा सके।
कलेक्टर से कुछ किसानों ने कहा कि साहब, बेटे-बेटियों की शादी है तो कुछ ने कहा खाने के लाले पड़ जाएंगे। यह सुनकर कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरसों और गेहूं में हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराएं। उन्होंने कहा कि सर्वे में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई पात्र प्रभावित किसान सर्वे कार्य से छूटे नहीं। इस मौके पर गोहद एसडीएम गोहद आरए प्रजापति, मेहगांव एसडीएम गणेश जायसवाल, तहसीलदार शिवदत्त कटारे, गोहद एवं मेहगांव क्षेत्र के नायब तहसीलदार, आरआई, पटवारी भी मौजूद रहे।
15 दिन में दिलाई जाए मुआवजा राशि: पिछड़ा वर्ग कांग्रेस प्रदेश सचिव राजेंद्र सिंह गुर्जर ने प्रभारी मंत्री के नाम कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें ओला पीड़ित किसानों का सर्वे कराकर जल्दी मुआवजा दिलाने, बैंक ऋण व बिजली बिल माफ किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुआवजा की राशि 15 दिन में दिलाई जाए जिससे किसान अपने बच्चों के शादी कर सहित अन्य महत्वपूर्ण काम कर सकें। इस मौके पर जसवंत सिंह, गिर्राज सिंह गुर्जर, महावीर सिंह आदि उपस्थित रहे।