किशोरी के साथ हुआ दुष्कर्म इसलिए कर ली थी आत्महत्या
देहात थाना क्षेत्र के सावित्री नगर का मामला
शहर के देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सावित्री नगर में एक किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। किशोरी के साथ किसी व्यक्ति ने दुष्कर्म किया था। लोकलाज के डर से उसने यह कदम उठाया ऐसा जांच में सामने आया है।
बता दें कि 4 दिसंबर की शाम छह बजे एक 14 वर्षीय किशोरी ने अपने ही घर में फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतिका के शव का पीएम कराकर उसे परिजन के सुपुर्द किया गया। वहीं फोरेंसिक जांच में सामने आया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म हुआ था। ऐसे में माना जा रहा है कि किशोरी ने इसी से दुखी होकर अपने घर में फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या की थी। मामले की जांच कर रहे देहात थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह कुशवाह ने अज्ञात युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।