- Hindi News
- National
- Bhind News Mp News Villagers Said Mla Open Degree College In The Village So That Daughters Can Study
ग्रामीण बोले- विधायक जी, गांव में डिग्री कॉलेज खुलवा दो ताकि बेटियां पढ़ सकें
विधायक का आश्वासन- कॉलेज खुलवाने के लिए पूरा प्रयास करूंगा
ग्राम पंचायत सगरा में सोमवार को क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने विधानसभा क्षेत्र की दूसरी गोशाला का उद््घाटन किया। इससे पहले क्षेत्र में सिर्फ बिजपुरी में ही गोशाला थी। कार्यक्रम में विधायक ने गांव से गोशाला तक जाने के लिए 10 लाख रुपए की लागत से डब्ल्यूबीएम रोड का भूमिपूजन किया। ग्राम वासियों ने विधायक से कहा कि पंचायत में अब बेसहारा गायों से निजात मिल जाएगी लेकिन गांव में डिग्री कॉलेज भी खुल जाए तो बेटियां ठीक से पढ़ सकेंगी। लोगों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने आश्वासन दिया है कि वे पूरा प्रयास करेंगे कि गांव में उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय मंजूर किया जाए।
लोकार्पण के अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक कुशवाह ने कहा विधानसभा में पहले चरण की 11 गोशालाएं मंजूर हैं जिसमें कुछ चालू हो गई हैं और बाकी जल्द ही चालू होने वाली हैं। इसके साथ ही हमने मुख्यमंत्री कमलनाथ को क्षेत्र के गांवों में आवारा पशुओं से मुक्ति दिलाने के लिए गोशाला की मांग की है। टेहनगुर, बिजपुरी आदि गांवों में गोशाला का जल्द ही उद्घाटन किया जाएगा। सरपंचों के माध्यम से पंचायतों में निर्माण के कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किए जा रहे हैं जो शीघ्र ही पूरे किए जाएंगे। आने वाली फसल तक अधिकांश लोगों को आवारा मवेशियों से निजात मिल सकती है। कार्यक्रम में जनपद सीईओ ओपी कौरव, जनपद उपाध्यक्ष शिवनारायण सिंह, सगरा सरपंच माताश्री, सचिव लालजी सिंह भदौरिया आदि ग्रामीण जन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
विधायक संजीव सिंह बोले- पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गांव में खोलेंगे सरकारी डेयरी
इस मौके पर विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने गांव में पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकारी डेयरी खोलने की घोषणा की है। विधायक ने गांव के लोग केवल कृषि पर आधारित न रहें इसके साथ ही दुग्ध उत्पादन एवं खुद के कुटीर उद्योगों से आय के स्रोत बढ़ाएं। विधायक संजीव सिंह ने कहा कि श्यामगिरि नाम से निर्मित गोशाला में संपूर्ण सुविधाएं होनी चाहिए। गायों को समय पर चारा-पानी मिले इसके लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीण भी गोशाला के संचालन में अपना थोड़ा बहुत योगदान प्रदान करें। हालांकि शासन की ओर से हर महीने चारा, अन्य जरूरतों के लिए राशि पंचायत को प्रदान की जाती है। फिर भी यह सभी ग्रामीणजनों की जिम्मेदारी है।
गांव से गोशाला तक 10 लाख रुपए से बनेगी डब्ल्यूबीएम रोड विधायक ने किया भूमिपूजन, बोले- अन्य गोशाला जल्द बनेंगी
गोशाला में 100 गायों के लिए होगी व्यवस्थाएं
सगरा की इस श्यामगिरी गोशाला का निर्माण मनरेगा के तहत 8 बीघा जमीन पर किया गया है। इसमें 100 गायों को संरक्षित करने की सुविधा होगी। इसमें पानी की सुविधा के लिए अगल से बोर कराया गया है। इसके अलावा भूसा घर, गोरक्षक कक्ष बनाए गए हैं। लोकार्पण के साथ ही गायों को रखने के लिए गोशाला में रजिस्ट्रेशन शुरू किए जाएंगे जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी पंचायत के सरपंच और सचिव की देखरेख में होगी।
सगरा में गोशाला उद््घाटन के दौरान उपस्थित विधायक व अन्य अतिथि।