बिना लाइसेंस के बना रहा था मिठाई, नोटिस दिया
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने की सैंपलिंग
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा रविवार को शहर में चार मिठाई कारोबारियों के यहां छापे डाले गए। मिठाइयों में मिलावट की जांच के लिए सोन पपड़ी, गुलाब जामुन, बर्फी और आलू भुजिया की सैंपल लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा अटेर रोड पर जोधपुर मिष्ठान भंडार से सोनपपड़ी, इंदिरा गांधी चौराहा पर न्यू कृष्णा मिष्ठान भंडार से गुलाब जामुन, बस स्टेंड पर राजपूत मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, तथा राधा डेयरी एंड पतंजलि स्टोर से आलू भुजिया के सैंपल लिए गए। अधिकारियों को एक कारोबारी न्यू कृष्णा मिष्ठान भंडार पर खाद्य विभाग का लाइसेंस नहीं मिला। इसको लेकर दुकान संचालक राजेश यादव के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। एसडीएम एवं अभिहित अधिकारी ओम नारायण सिंह के निर्देशन में सैंपलिंग की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल, बृजेश शिरोमणि एवं गिरीश राजौरिया द्वारा की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को रानी देवी स्वीट्स एवं बांके बिहारी स्वीट्स पर साफ- सफाई का अभाव मिला। इस पर इनके संचालकों को साफ- सफाई रखे जाने के लिए निर्देशित किया गया। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर भविष्य में साफ- सफाई का अभाव मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी।