गौरी सरोवर रोड पर तीन दिन से भरा पानी
यहां से निकले वाले सैलानी और श्रद्धालु हो रहे परेशान
गौरी सरोवर के किनारे भगवान भोले नाथ के महाकालेश्वर मंदिर, त्रयंबकेश्वर मंदिर सहित अन्य मंदिर हैं, जो 11वीं सदी में राजा पृथ्वीराज चौहान ने बनवाया था। इन मंदिरों पर दर्शन करने और सरोवर किनारे घूमने के लिए रोजाना सैकड़ों श्रद्घालु और सैलानी आते हैं। लेकिन वर्तमान में सरोवर रोड पर तीन दिन से बारिश का पानी भरा होने से लोगों मंदिर में दर्शन करने और घूमने के लिए परेशान हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से यह समस्या उत्पन्न हो गई है।
गौरतलब है कि बीते तीन दिन पहले शहर में हुई तेज बारिश के चलते गौरी सरोवर रोड पर एक से दो फीट तक पानी भर गया था, निकासी नहीं होने से पानी अभी भी सड़क पर जमा हुआ है। खास बात तो यह है इस संबंध में नगर पालिका अधिकारियों को जानकारी होने के बाद भी उन्होंने अभी तक जल निकासी के लिए गंभीरता नहीं दिखाई है । वहीं गौरी सरोवर के किनारे सुबह-शाम सैकड़ों सैलानी परिवार सहित घूमने के लिए आते हैं। लेकिन पिछले तीन दिन से सरोवर की रोड पर जलभराव होने से सैलानियों ने सरोवर पर आना कम कर दिया है।