Dainik Bhaskar
Dec 03, 2019, 08:08 AM ISTभोपाल . प्रदेश की जिन खराब सड़कों काे सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग की स्थायी वित्तीय समिति ने अनुमोदित कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति दी है उन पर करीब 1300 करोड़ रुपए खर्च होंगे। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की मांग के अंतर्गत उपलब्ध धनराशि से काम पूरा करवाने के निर्देश दिए हैं। कुल 293 सड़कों के लिए अनुमति दी गई है। इसके लिए 113 विधायकाें ने करीब 400 सड़काें के लिए अपनी मांग दी थी। मांग के मुताबिक विभाग ने सड़कों का परीक्षण करवाया। इसके बाद प्रशासकीय स्वीकृति दी गई। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सड़कों के लिए राशि मिलने के बाद इनका काम शुरू कर दिया जाएगा। जहां-जहां सड़कें खराब हैं प्राथमिकता से उसका निर्माण करवाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक नई सरकार बनने के बाद वित्तीय समिति ने पहली बार इतनी सड़कों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दी है।
अब तक 85 प्रतिशत काम : विभाग के अधिकारियों ने दावा किया बारिश के बाद खराब हुई सड़कों में करीब 85 प्रतिशत सड़कों पर पैच वर्क हो चुका है। बची हुई सड़कों का काम भी इस सप्ताह कर लिया जाएगा। विभाग अपने पास उपलब्ध बजट में से काम करवा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि केंद्र से राशि मिलने के बाद नई सड़कों का निर्माण करेंगे।
सड़कों की प्रशासकीय स्वीकृति मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों की मांग के अनुसार की गई है। ऐसा नहीं है कि क्षेत्र विशेष काे ज्यादा महत्व दिया गया है। सभी क्षेत्रों पर समान रूप से फोकस किया गया है।’
- आरके मेहरा, प्रमुख अभियंता, लोनिवि
टॉप 5 जिले जिनकी सड़कें स्वीकृत हुईं
जिला सड़कें
छिंदवाड़ा 48
देवास 30
खरगोन 20
राजगढ़, मुरैना 13
बैतूल, डिंडोरी 11