विदिशा. 10 साल पहले मानौरा के पास जगदीश तालाब बनाने को लेकर सरकार सर्वे करा चुकी है, पर आज तक ये तालाब अस्तित्व में नहीं आ पाया। लिहाजा 40 दिन से यहां प्रदर्शन कर रहे किसानों ने विरोध का दूसरा रास्ता अपनाया। सैकड़ों किसान गुरुवार को हाई-वे पर उतर आए और उन्होंने डेढ़ घंटे तक रास्ता जाम कर दिया। तीन किमी लंबी रैली भी निकाली। फिर 24 से ज्यादा किसानों ने मुंडन कराकर सरकार को चेतावनी दे दी। कहा- इस बार तालाब में पानी नहीं तो वोट भी नहीं। फिर प्रस्तावित तालाब निर्माण स्थल पर पहुंचकर किसानों ने सांकेतिक रूप से भूमि पूजन भी किया।