पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. प्रदेश की राजनीति में अचानक बदले सियासी समीकरण के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय मे जश्न का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए होली दोहरी खुशी लेकर आई। जैसे ही कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के नई दिल्ली में मोदी और शाह से मिलने की खबर आई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। होली के रंगों के बीच जमकर आतिशबाजी की गई। वहीं कांग्रेस कार्यालय में 14 महीने बाद एक बार फिर सन्नाटा है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने पर उनकी बुआ और भाजपा विधायक यशोधराराजे सिंधिया ने कहा, "ये बहुत खुशी की बात है भतीजा भाजपा में शामिल हो गया। आज इससे बड़ी खुशी कोई दूसरी नहीं हो सकती अब हमारा पूरा परिवार एक साथ एक पार्टी में है।"

इधर, भाजपा कार्यालय में होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पार्टी के वरिष्ठ नेता विनय सहस्त्रबुधे, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा पहले से ही यहां मौजूद थे। भाजपा नेताओं को जैसे ही सिंधिया के भाजपा में शामिल होने की खबर लगी, जश्न मनाना शुरू हो गया। थोड़ी देर में ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी भाजपा कार्यालय आ गए और उन्होंने पार्टी नेताओं का गुलाल लगाकर बधाई दी। कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद शिवराज सिंह चौहान विनय सहस्त्रबुधे और विष्णुदत्त शर्मा के साथ बैठक करने कमरे में चले गए। 14 महीने बाद भाजपा कार्यालय में इस तरह कोई जश्न मनाया जा रहा था तो वहीं कांग्रेस कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है। यहां सुबह माधवराव सिंधिया के जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। लेकिन बहुत थोड़े कार्यकर्ता ही इस कार्यक्रम में पहुंचे। दोपहर में सिंधिया के भाजपा में शामिल होने की खबर जैसे ही आई जो नेता यहां मौजूद थे वे भी अपने घर चले गए। इसके बाद से पूरे कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.