पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
भोपाल | मंगलवार और रंगों का पर्व होली... इस दौरान शहर में कई चल समारोह निकलेंगे। फाग भी खेला जाएगा। रंगों से सराबोर इस त्योहार में कोई खलल न पड़े इसलिए ट्रांसपोर्ट से लेकर अस्पताल तक हर जगह उचित इंतजाम किए गए हैं। उत्साह का हर रंग बरकरार रहे, इसलिए अपनों के संग मुस्कुराकर होली मनाइए।
आज नहीं चलेंगी लो फ्लोर, 2 बजे तक पेट्रोल पंप रहेंगे बंद
पब्लिक ट्रांसपोर्ट...मंगलवार को लो फ्लोर बसें नहीं चलेंगी। मिनी बसें भी तीन बजे के बाद ही चलाई जाएंगी। एंबुलेंस जिगित्जा हेल्थ केयर की 108 के ईएमटी और पायलट की ड्यूटी कैंसिल कर दी गई है। शहर में 17 एंबुलेंस अपनी लोकेशन पर तैनात रहेंगी।
अस्पताल.. हमीदिया के अधीक्षक डॉ एके श्रीवास्तव ने बताया कि 10 बेड रिजर्व किए हैं। हेल्पलाइन नंबर- 0755-4050464 पर भी संपर्क कर सकते हैं। जेपी के अधीक्षक डॉ. अलका परगनिया ने बताया कि 5 बेड रिजर्व रहेंगे। नंबर 0755-2557142 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
कंट्रोल रूम... व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए पुलिस ने शाहजहांनाबाद में कंट्रोल रूम बनाया है। यह सोमवार शाम से चालू कर दिया गया है, जो 24 घंटे चालू रहेगा। इसमें 8- 8 घंटे शेड्यूल पर कार्यपालिका मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई है।
पेट्रोल पंप... मंगलवार काे शहर के पेट्रोल पंप दोपहर दाे बजे के बाद ही खुलेंगे। मप्र पेट्रोल पंप ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि ऐहतियात के तौर पर दोपहर तक पंप बंद रहेंगे। दोपहर दाे बजे के बाद ही इन्हें खोला जाएगा
ट्रैफिक डायवर्ट- मंगलवार सुबह दस बजे से हिंदू उत्सव समिति द्वारा दयानंद चौक से चल समारोह निकाला जाएगा। यह मंगलवारा चौराहा इतवारा, चिंतामन चौराहा, पीपल चौक लखेरापुरा, भवानी मंदिर, सिंधी मार्केट होते हुए जनकपुरी पहुंचेगा । इस दौरान इन मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
248 चैकिंग पॉइंट.. पुलिस शहर में 248 पॉइंट पर चैकिंग करेगी। इस दौरान हुड़दंगियों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तीन सवारी और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के पर कार्रवाई की जाएगी। 3 हजार पुलिसकर्मी यहां तैनात रहेंगे।
वन विहार बंद रहेगा - होली और रंगपंचमी पर वन विहार नेशनल पार्क बंद रहेगा। नगर निगम- नगर निगम आयुक्त विजय दत्ता ने बताया कि सभी तालाब और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए गोताखोर को तैनात किया जाएगा, यहां पर अतिरिक्त नावों को तैनात किया जाएगा।
प्रभारी डीजीपी बोले- शांति भंग करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
होली के मद्देनजर प्रभारी पुलिस महानिदेशक राजेंद्र कुमार ने सभी जिलों के आईजी-एसपी के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग कर निर्देश दिए कि हर हाल में प्रदेश की शांति व्यवस्था बनाए रखें। शांति व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की काेशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने शांति, सद्भाव एवं आपसी भाई चारे के साथ होली पर्व मनाने की अपील की है।
कोरोना अलर्ट के बीच... हाेली मनाएं जमकर बस जरा संभलकर - डाॅ. सरमन सिंह, डायरेक्टर, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, भोपाल
कोरोना के संक्रमण को लेकर चर्चाएं हो रही हैं, ऐसे में होली को लेकर क्या सावधानी रखें?
होली के मौके पर ऐसे संक्रमण से हम खुद को बचाएं रख सकते हैं। जैसे- कोई भी बाहरी वस्तु को छूने के बाद साबुन लगाकर अच्छी तरह हाथ धाेएं। कोशिश करें कि भीड़ वाली जगह पर न जाएं। यदि जाना जरूरी भी है तो मास्क लगाकर ही जाएं।
होली के जुलूस में शामिल होने के दौरान यदि में सर्दी-खांसी से पीड़ित किसी व्यक्ति के संपर्क में आया हूं तो मुझे बाद में क्या करना चाहिए?
जुलूस में सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित व्यक्ति से आपका संपर्क हुआ है तो घर पहुंचते ही भाप लें व गुनगुने पानी में नमक डाल दिन में 3 बार गार्गल करें।
तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है ऐसे में ठंडे खाद्य पदार्थ ले सकते हैं या नहीं?
खाने में काेई हर्ज नहीं है। जो भी खाएं वो शुद्ध हो।
एक-दूसरे को होली की शुभकामना देने में क्या एहतियात बरतें?
हाथ न मिलाएं। नमस्ते, आदाब या जापानी तरीके से अभिवादन करें। मास्क लगाकर ही गले मिलें।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.