भोपाल। पति-पत्नी दोनों ही मूक बधिर...इशारों ही इशारों में झगड़ा हुआ, परिजनों को लगा दोनों प्यार से बातचीत कर रहे हैं, लेकिन मामला तलाक तक जा पहुंचा। ये सुनने में भले ही थोड़ा अजीब लगे लेकिन सच है। ऐसा ही एक मामला कुटुंब कोर्ट में आया है। झगड़े की वजह जानने के लिए कोर्ट ने काउंसलिंग कराने का फैसला लिया। अड़चन थी कि काउंसलिंग कैसे हो, इसलिए साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट की मदद ली गई।
एक-दूसरे की बात समझ नहीं पाते दोनों
- सोमवार को 6 घंटे तक चली काउंसलिंग के बाद साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट सौरभ जैन ने बताया कि दंपति के बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। दरअसल, दोनों की साइन लैंग्वेज अलग-अलग है इसलिए वो इशारों में की गई बातों को ठीक से समझ नहीं पाते।
- ऐसे में दोनों के बीच विवाद गहरा गया। दरअसल, दोनों की शादी मई 2018 में हुई थी। शादी के तीन माह बाद ही दोनों में इशारों ही इशारों में झगड़े होने लगे। पहले तो परिजनों को लगा कि दोनों एक-दूसरे से प्यार से बात कर रहे हैं, पर बाद में पता चला दोनों झगड़ रहे थे।
लड़की ने लगाए ये आरोप
- एक दिन झगड़ा इतना बढ़ा कि लड़की ने मोबाइल में मैसेज भेजकर परिजन को बुलाया और उनके साथ मायके चली गई। उसने बताया कि पति प्रताड़ित करता है और ताने मारता है। सास डाइनिंग टेबल में बैठकर खाना खाने नहीं देती।
- वहीं पति ने आरोप लगाया कि पत्नी शादी के तीन माह बाद से मां के यहां बैठी है, लेने जाओ तो परिजन उसे नहीं भेजते। काउंसलर निरूनिशा खान का कहना है कि दोनों के बीच साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट के सहयोग से काउंसलिंग की गई।
- दोनों के बीच झगड़े छोटी-छोटी बातों पर हुए हैं। दोनों बेहतर संवाद नहीं बना पा रहे हैं। साइन लैग्वेंज भी अलग-अलग है, जिससे समस्या हो रही है। युवती के परिजन उसे समझाने में सहयोग कर रहे हैं।
भाषा के आधार पर बदल जाती है साइन लैंग्वेज
- साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट जैन ने बताया कि इस मामले में युवक पूरी तरह से मूक बधिर है और लड़की तकरीबन 80 प्रतिशत मूक बधिर है। लड़की साइन लैंग्वेज और लिप्सिंग के माध्यम से भाषा समझ जाती है। पर लड़की जो कहना चाहती है वह लड़का समझ नहीं पाता।
- दरअसल भाषा और क्षेत्रीयता के आधार पर साइन लैंग्वेज बदलती है। सचिव आशुतोष मिश्रा के मुताबिक प्राधिकरण परिसर में पहली बारी साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट से मूक बधिर दंपति की काउंसलिंग की गई। उम्मीद है एक और काउंसलिंग के बाद दोनों के रिश्ते सुधर जाएं।