पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
भोपाल. ज्योतिरादित्य सिंधिया के स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। एयरपोर्ट से जिन रास्तों से गुजरकर सिंधिया का काफिला गुजरेगा उन्हें भाजपा के झंडों और सिंधिया के स्वागत वाले पोस्टर लगाकर सजाया गया है। इन पोस्टर में खास बात ये है कि ज्यादातर पोस्टर विधायक नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों द्वारा लगाए गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्वागत के पोस्टर भी शहर में लगे हैं। लेकिन, इनकी संख्या काफी कम है।
2009 में गुना-शिवपुरी ससंदीय क्षेत्र के लोकसभा चुनाव में नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ चुनाव लड़ा था। नरोत्तम ये चुनाव करीब डेढ़ लाख से ज्यादा वोट से हार गए थे। सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद दोनों के समर्थक एक हो गए हैं। पोस्टर उन्हीं ने लगाए गए हैं। लेकिन, खास बात ये भी है कि इससे पहले नरोत्तम मिश्रा के भोपाल में आयोजित किसी भी बड़े कार्यक्रम में पोस्टर नहीं लगे।
दिग्विजय सिंह ने लगाए थे गंभीर आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रदेश में आए इस सियासी संकट के लिए नरोत्तम मिश्रा को सूत्रधार बताया था। नरोत्तम मिश्रा के कुछ पुराने वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। दिग्विजय सिंह ने नरोत्तम मिश्रा पर कई गंभीर आरोप भी इस दौरान लगाए गए थे। ताजा राजनीतिक समीकरण के बाद कहा जा रहा है कि नरोत्तम मिश्रा का कद भाजपा के सियासी गलियारों में बड़े नेताओं की नजर में काफी बढ़ गया है।
मुख्यमंत्री की रेस में तीन नाम
ये भी संभावना जताई जा रही है कि अगर आने वाले दिनों में कांग्रेस सरकार गिरती है तो मुख्यमंत्री के रूप में भी नरोत्तम मिश्रा का नाम आगे आ सकता है। वैसे इस रेस में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के नाम भी सामने आ रहे हैं। सत्ता परिवर्तन के इस खेल में फूंक-फूंककर कदम रख रही भाजपा ने इस मामले में अपने पत्ते अभी नहीं खोले हैं। एक दो दिन में संशय के बादल छटते ही ये नाम भी सामने आ जाएगा। प्रदेश की सत्ता की लड़ाई में बड़ा कुछ होने वाला है इसका अंदाजा भाजपा नेताओं के आत्म विश्वास भरे बयानों को देखकर भी लगाया जा रहा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.