पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
भोपाल. कोरोनावायरस के अलर्ट के बीच शहर में मास्क और सैनिटाइजर की डिमांड में करीब 150 फीसदी तक बढ़ गई है। हालत ये हो गई है कि मेडिकल स्टोर्स के साथ थोक विक्रेताओं के पास भी मास्क और ब्रांडेड सैनिटाइजर का टोटा हो गया है। थोक विक्रेता सोमवार के बाद ही मास्क और सैनिटाइजर की डिलीवरी दे पाने की बात कह रहे हैं।
इधर, स्वास्थ्य मंत्री तरुण भनोत ने कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने की तैयारियों की समीक्षा की। पीएस हेल्थ पल्लवी जैन गोविल ने बताया कि मैदानी अमले को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग के पास इतना अमला नहीं है कि बाहर से आने वाले प्रत्येक यात्री की स्क्रीनिंग की जाए, ऐसे में जरूरी है कि लोग खुद संक्रमण फैलने से रोकने के लिए अपने स्तर पर भी जरूरी प्रयास करें।
दंपती और विदेशी नागरिक का लगातार हेल्थ अपडेट
शुक्रवार को दुबई से लौटे राजधानी के दंपती समेत एक स्पेन के नागरिक को होम अाइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग का अमला लगातार इनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है। शनिवार को भी अलग-अलग समय पर इन लोगों के हेल्थ अपडेट लिए जाते रहे। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक तीनों का स्वास्थ्य ठीक है। दरअसल, राजधानी के दंपती 6 से 13 मार्च तक दुबई यात्रा पर गए थे। वापसी में वे दुबई से जिस फ्लाइट से मुंबई अाए उस फ्लाइट में यात्रा करने वाले एक यात्री को कोरोना पाॅजीटिव पाया गया। ऐसे में उस फ्लाइट से भोपाल आए यात्रियों पर स्वास्थ्य विभाग नजर रखे हुए है। गौरतलब है कि विदेश यात्रा से लौटने वाले व्यक्ति की स्क्रीनिंग की जाती है, अगर कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिलते हैं तो 15 दिन के लिए होम आइसोलेशन में रखा जाता है।
जिला शांति समिति की बैठक कर बताएं- क्या करें और क्या न करें
स्वास्थ्य विभाग ने सभी सीएमएचओ को आदेश दिए हैं कि वे कलेक्टर के माध्यम से जल्द से जल्द जिला शांति समिति की बैठक का आयोजन करें। इसमें धर्मगुरुअों समेत अन्य गणमान्य नागरिकों को बुलाकर कोरोना वायरस के लक्षण और बचाव के लिए क्या करें अौर क्या न करें, इस बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए।
शनिवार को राजधानी के सभी सिनेप्लेक्स और मल्टी प्लेक्स में सन्नाटा पसरा रहा। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए एहतियातन राजधानी समेत प्रदेश के सभी सिनेमाघरों को 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। इस कारोबार से जुड़े लोगों के मुताबिक शहर में संचालित सिनेमाघरों से एक दिन में 35 लाख से ज्यादा का कारोबार होता है। अगर प्रदेशभर के सिनेमाघर कारोबार की बात करें तो एक दिन का कारोबार एक करोड़ रुपए से ज्यादा का होता है। 31 मार्च तक सिनेमाघर बंद रहने से शहर में ही छह करोड़ 30 लाख से ज्यादा का नुकसान होगा।
एनएलआईयू भी अभी बंद
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.