भोपाल. राजधानी भोपाल समेत राज्य के ज्यादातर जिलों में बुधवार से रुक-रुककर जारी बारिश से एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदला है। भोपाल और आसपास के इलाकों में गुरुवार को सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। राजगढ़, गुना, शिवपुरी और अन्य जिलों में बारिश अब भी हो रही है। इससे ठंड बढ़ गई है और सुबह से कोहरा छाया हुआ है। भोपाल में दोपहर 12 बजे तक तक सूर्य के दर्शन नहीं हो सके। इससे ठंड भी बढ़ गई है। घना कोहरा होने की वजह से भोपाल में सुबह से उड़ान भरने और लैंड होने वाली फ्लाइट्स 4 घंटे से ज्यादा देरी से चल रही हैं।
ये भी पढ़े
एक ही दिन में प्रदेश में मौसम के तीन रंग भोपाल में कोहरे का पहरा 7 शहर भीगे; इंदौर-होशंगाबाद में तपी रात
उधर, ग्वालियर-चंबल अंचल में भी बुधवार से आज सुबह तक कई जगहों पर रुक-रुक बारिश हुई। सर्द हवाओं और कोहरे के बीच ठिठुरन तथा ठंड बढ़ गई है। हालांकि रात के तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आया है। स्थानीय मौसम केंद्र के वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि भोपाल, इंदौर और महाकौशल अंचल में लोगों को ठंड से काफी राहत है। फिलहाल वहां के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है। गुरुवार को सुबह विजिबिलिटी घटकर 100 मी. रह गई थी, हालांकि 10 बजे के बाद इसमें हल्की बढ़ोत्तरी हुई है।
इन जिलों में बारिश ने बढ़ाई ठंड
शिवपुरी - यहां पर बुधवार से रुक-रुककर बारिश जारी है। इससे जहां ठंड में इजाफा हुआ, बारिश का पानी शहर की निचली बस्तियों में भी पानी भर गया। शहर सहित जिले में विभिन्न स्थानों पर भी बारिश का क्रम जारी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक-दो दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
गुना - यहां पर रात से ही काफी तेज बारिश हुई है। बताया जा रहा है कि 1984 के बाद जनवरी में इतनी बारिश हुई है। बीती रात तेज बारिश से सड़कों पर बहा पानी, तापमान में भी गिरावट आई है।
राजगढ़ - यहां पर बुधवार रात से रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। इससे सुबह देर तक कोहरा छाया रहा। हालांकि बारिश को फसलों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है।
अशोकनगर- यहां पर मावठे की तेज बारिश हुई है। इससे फसलों को फायदा होगा। इससे ठंड बढ़ी और दिन और रात के बारे में रहा 5 डिग्री का अंतर आया।
भोपाल लैंड होने वाली फ्लाइट्स 4 घंटे से ज्यादा लेट
भोपाल से जाने वाली फ्लाइट्स भी काफी लेट
बारिश फसलों के लिए लाभदायक
कृषि वैज्ञानिक डॉ मुकेश भार्गव के अनुसार यह बारिश फसलों के लिए लाभदायक है। इससे खेतों में लगी फसलों को पर्याप्त पानी एवं नमी मिलने से फसलें और अच्छी होने की संभावना है। चना, गेहूं, अलसी, मटर आदि फसलों के लिए यह वर्षा लाभदायक है। बारिश के साथ ही सर्द हवाएं चलने के कारण ठंड बढ़ गई है।
यहां पर घना कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर चंबल और सागर संभाग के जिलों के साथ ही भोपाल, शाजापुर, राजगढ़, आगर, रीवा और सतना जिलों में गुरुवार को सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है।
यहां पर सुबह से गरज-चमक
ग्वालियर चंबल और सागर संभाग के जिलों के साथ ही विदिशा, रायसेन, राजगढ़, रीवा और सतना जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी सुबह से हो रही है।
यहां पर रात से जारी है रुक-रुककर बारिश
बुधवार की रात को नीमच, मंदसौर, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, रीवा और सतना जिलों के साथ ही ग्वालियर, चंबल और सागर संभागों में कहीं-कहीं बारिश हुई है। जिससे सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.