पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
भोपाल. केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ऊर्जावान राजनीतिक व्यक्ति हैं। उनके भाजपा में आने से लाभ ही होगा। लेकिन यह भी सच है कि ग्वालियर-चंबल की राजनीति में बदलाव दिखेगा। जहां तक भाजपा कार्यकर्ताओं का सवाल है, वे विचार और दल से जुड़े हैं। जो पहले देश, फिर पार्टी और स्वयं के लिए काम करता है। तोमर से बातचीत के खास बिंदु-
सवाल - मप्र की सियासी उठापटक का एक केंद्र आपका दिल्ली स्थित निवास था, आपके हिसाब से अब क्लाइमेक्स में कितना समय और लगेगा?
जवाब - मैंने पूर्व में भी कहा था कि कांग्रेस सरकार मध्यप्रदेश में अपने बोझ से ही गिरेगी। वर्तमान में वही होता नजर आ रहा है। इस परिदृश्य में मैं किसी विधायक से चर्चा में नहीं हूं। जहां तक मेरे निवास का सवाल है तो वह मप्र के सभी लोगों के लिए खुला है।
सवाल - आरोप है कि कांग्रेस विधायकों को तोड़ने के लिए भाजपा ने पद और पैसों का आॅफर दिया? बेंगलुरू में जिन विधायकों को रखा गया है, उन्हें भी मंत्री बनाने का भरोसा दिलाया गया है?
जवाब - यह गलत है। भाजपा एक विचारधारा वाली पार्टी है। दरअसल कांग्रेस अपने अंदरूनी कलह से परेशान है और हालात यहां तक पहुंच गए हैं, इसलिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
सवाल - सिंधिया एक बड़ा चेहरा हैं, भाजपा को उनका लाभ कब और कैसे मिलेगा?
जवाब - सिंधिया ऊर्जावान राजनीतिक व्यक्ति हैं। उनके भाजपा परिवार में सम्मिलित होने से लाभ ही होगा।
सवाल - चंबल और ग्वालियर क्षेत्र की राजनीति में किस तरह का बदलाव देखते हैं? सिंधिया के समर्थक आते हैं तो भाजपा के पुराने लोगों को कैसे एडजस्ट करेंगे?
जवाब - यह सच है कि ग्वालियर-चंबल की राजनीति में बदलाव दिखेगा। जहां तक भाजपा कार्यकर्ताओं का सवाल है, वे विचार और दल से जुड़े हैं। जो पहले देश, फिर पार्टी और स्वयं के लिए काम करता है।
सवाल - भाजपा में कई नेता खासतौर पर प्रभात झा और जयभान सिंह पवैया की राजनीतिक बरसों से महल के खिलाफ रही, अब उन्हें पार्टी कैसे समझाएगी? तालमेल कैसे बिठाया जाएगा?
जवाब - यहां सवाल महत्व और किसी व्यक्ति का नहीं है। विचार और कार्यपद्धति के विरोध और समर्थन का होता है।
सवाल - आने वाले दिनों में आप क्या केंद्र की राजनीति की बजाए मध्यप्रदेश की राजनीति पसंद करेंगे?
जवाब - मैंने कभी अपने बारे में न तो विचार किया और न निर्णय। पार्टी जो काम देती है, उसे शिद्दत से पूरा करता हूं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.