पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
भोपाल। गौतम नगर के रहवासी क्षेत्र में चल रहे रोक्को एंड हंटर रेस्तरां में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात ढाई बजे पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान 35-40 युवक-युवती हुक्का पीते मिले। पुलिस ने रेस्तरां संचालक दाउद खान एवं शाहरुख खान के कब्जे से 13 हुक्के और तंबाकू युक्त पदार्थ बरामद कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सीएसपी गोविंदपुरा अंकित जायसवाल के मुताबिक रात दो बजे सूचना मिली कि गौतम नगर स्थित रोक्को एंड हंटर रेस्तरां में युवक-युवती हुक्का पी रहे हैं। वे रात्रि गश्त प्रभारी एसडीओपी बैरागढ़ दीपक नायक के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्तरां में बाहर ताला लगा था और बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में पार्टी चल रही थी। पुलिस ने रेस्तरां संचालक सिकंदरी सराय निवासी 26 वर्षीय दाउद खान को बुलाया। अंदर पहुंचे तो अयूब खान, जैद अली, जिसांत राजा, एजाज उल हक ,सौरभ सोनी, फराज अली, रितिक पटेल, आमिर अली, अब्दुल फतेह खान, अरशद बेग युवतियों के साथ हुक्का पीते मिले।
इन्हें दाउद का साथी शाहरुख खान हुक्का पिला रहा था। जायसवाल के अनुसार पुलिस को रेस्तरां के बाहर दाउद घूमते मिला। जब उससे ताला खोलने को कहा तो वह आनाकानी करने लगा। सख्ती दिखाने पर उसने दो मिनट का वक्त मांगा। इस बीच उसने किसी को कॉल किया। पांच मिनट बाद दरवाजा खोला। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो टेबल में हुक्के की जगह केक रखे मिले। दाउद ने बताया कि आज उसका जन्मदिन है। इसलिए पार्टी रखी है। संचालक के खिलाफ पूर्व में भी 3 बार पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.