- Hindi News
- National
- Burhanpur News Mp News Administrative Committee Will Now Conduct Operations On March 12 Term Of Panchayats
12 मार्च को पंचायतों का कार्यकाल खत्म अब प्रशासनिक समिति करेगी संचालन
167 पंचायतों में बनाई जाएगी समिति, सरपंच व पंच होंगे सदस्य
जिले की 167 ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 12 मार्च को खत्म हो रहा है। कार्यकाल खत्म होने के बाद पंचायत का संचालन प्रशासनिक समिति करेगी। इसके लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने आदेश जारी किए हैं। वर्तमान सरपंच और पंच इस समिति में सदस्य होंगे।
जिले में बुरहानपुर जनपद में 77 और खकनार में 90 ग्राम पंचायतें हैं। 12 मार्च को कार्यकाल खत्म होने के बाद सरपंच के हस्ताक्षर से किसी तरह का आहरण पंचायत से नहीं होगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अपर सचिव शोभा निकुंम ने कलेक्टरों को आदेश जारी कर प्रशासनिक समितियां बनाने के लिए कहा है। प्रशासनिक समिति के प्रधान और पंचायत सचिव के हस्ताक्षर से पंचायत के सभी आहरण हो सकेंगे।
ऐसे बनेगी प्रशासनिक समिति
प्रशासनिक समिति का गठन प्रशासन द्वारा किया जाएगा। इस समिति में सरपंच और पंच सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। ग्राम पंचायत कार्यकाल 2015-2020 समाप्त होने के पूर्व सरपंच रहे व्यक्ति को प्रशासनिक समिति का प्रधान बनाया जाएगा। समिति ऐसे दो सदस्य मनोनित किए करेगी जिनका नाम ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में होगा। ग्राम पंचायत चुनाव होने तक यह समिति ही पंचायत का संचालन करेगी।
कार्यकाल बढ़ाने की थी मांग
पंचायत का कार्यकाल बढ़ाने के लिए सरपंच और उपसरपंच संगठन ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को ज्ञापन दिया है। इसमें आगामी गर्मी के मौसम में पेयजल समस्या को देखते हुए पंचायत को भंग करने के बजाए आगामी चुनाव तक इसका कार्यकाल बढ़ाने की मांग की गई थी।