- Hindi News
- National
- Burhanpur News Mp News After Filling The Assembly Election Form Schera Went To Scindia Near Gwalior To Ask For Tickets From Congress
विधानसभा चुनाव का पर्चा भरने के बाद कांग्रेस से टिकट मांगने सिंधिया के पास ग्वालियर गए थे शेरा, उन्हीं से किनारा
पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी माने जाने वाले निर्दलीय विधायक ठाकुर सुरेंद्रसिंह (शेरा) सिंधिया के इस्तीफे के बाद भी कांग्रेस सरकार के साथ खड़े हैं। विधानसभा चुनाव के समय पार्टी द्वारा प्रत्याशी नहीं बनाए जाने के बाद भी शेरा ने पर्चा भरा था। इसके बाद वे कांग्रेस से टिकट मांगने के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलने ग्वालियर गए थे। हालांकि अब वे उनसे ही किनारा कर गए हैं। बुधवार को शेरा ने भास्कर से कहा हम हमेशा से कांग्रेस के साथ हैं। किसी भी स्थिति में पार्टी का साथ नहीं छोड़ेंगे। फिलहाल शेरा के साथ नेपानगर विधायक सुमित्रा कास्डेकर भी जयपुर गई हैं। यहां रवाना होने से पहले शेरा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात की और विजय मुद्रा में फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया।
ठाकुर परिवार से पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंधिया का काफी पुराना संबंध रहा है। ठाकुर परिवार का कोई सदस्य राजनैतिक पद पर नहीं था। तब भी उनके मधुर संबंध रहे। सिंधिया जब भी बुरहानपुर दौरे पर आए, ठाकुर परिवार के किसी न किसी कार्यक्रम में शामिल जरूर हुए। ठाकुर शिवकुमारसिंह मेमोरियल कॉलेज में शिवकुमारसिंह की प्रतिमा का अनावरण भी उन्हीं ने किया था। निर्दलीय विधायक बनने और सरकार को समर्थन देने के बाद भी शेरा नियमित रूप से सिंधिया से मुलाकात करते रहे। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर सिंधिया से मुलाकात की कई तस्वीरें उन्होंने ही पोस्ट की है लेकिन आज स्थिति बदल गई है। सिंधिया ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। सरकार गिरने के सवाल पर शेरा कहते हैं हमारे सभी विधायक पार्टी के साथ हैं। ठाकुर सुरेंद्रसिंह (शेरा) शेरा ने बुधवार शाम 5 बजे अपने फेसबुक अकाउंट का प्रोफाइल फोटो अपडेट किया। इस पर उन्होंने ज्याेतिरादित्य सिंधिया के साथ का फोटो को लगा रखा था लेकिन अब उस फोटो का हटाकर बुधवार सुबह मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात के दौरान लिया फोटो फेसबुक प्रोफाइल पर अपडेट किया है।
मैं सरकार के साथ, जीत हमारी होगी- विधायक शेरा
जयपुर रवाना होने से पहले बुधवार सुबह शेरा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उसके बाद बयान जारी किया कि वे सरकार के साथ हैं और सरकार को पूर्ण बहुमत है। जीत हमारी ही होगी। यह बात सामने आई है कि सरकार बचाने के लिए जल्द ही मंत्रीमंडल का विस्तार संभव है। निर्दलीय विधायक पार्टी के साथ बने रहे, इसलिए उन्हें मंत्री पद से नवाजा जा सकता है। शेरा ने जीत के बाद कांग्रेस को समर्थन ही मंत्री पद की शर्त पर दिया था।
जिलाध्यक्ष रघुवंशी विधायक सुमित्रा कास्डेकर को लेकर पहुंचे भोपाल
नेपानगर विधायक सुमित्रा कास्डेकर भी जयपुर जाने वाले विधायकों में शामिल हैं। सरकार पर संकट आते ही उन्हें भोपाल बुला लिया गया था। जिलाध्यक्ष अजयसिंह रघुवंशी उन्हें 10 मार्च की सुबह अपने साथ भोपाल ले गए। कास्डेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के गुट से हैं। जयपुर जाने तक स्थानीय नेता कास्डेकर के साथ ही थे। मंगलवार रात एक सार्वजनिक कार्यक्रम की तस्वीर भी विधायक कास्डेकर ने पोस्ट की थी। इसमें अरुण यादव के साथ जिले के वरिष्ठ नेता भी थे।
विधायक शेरा व कास्डेकर जयपुर रवाना, दोनों बोलेे- हम कांग्रेस सरकार के साथ, ठाकुर सुरेंद्रसिंह ने सीएम से मुलाकात की, सोशल मीडिया पर अपलोड की फोटो
जिले में सभी कांग्रेस की विचारधारा को मानते हैं
प्रदेश में चल रहे घटनाक्रम और इस्तीफों के दौर के बीच कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजयसिंह रघुवंशी ने कहा जिले में सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। सभी कांग्रेस की विचारधारा और संविधान को मानते हैं। यहां किसी नेता के समर्थक या उन्हें मानने वाले नहीं हैं। सभी पार्टी के लिए काम करना जानते हैं। किसी व्यक्ति के पार्टी छोड़ने से कार्यकर्ता पार्टी से अलग नहीं होगा।
पुतला दहन की सूचना मिली, पुलिस बल रहा तैनात
सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के कुछ देर बाद एक पूर्व विधायक पुत्र द्वारा कमल चौक पर सिंधिया का पुतला जलाने की सूचना वाट्सएप ग्रुप पर डाली थी। इसकी जानकारी मिलते ही बुधवार दोपहर 3 बजे पुलिस बल कमल चौक पर तैनात हो गया। सीएसपी बीपी वर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी गिरवरसिंह जिलौदिया दल-बल के साथ यहां पहुंचे। एक घंटे तक फोर्स यहां तैनात रहा लेकिन कोई भी विरोध करने नहीं आया।
जयपुर जाने से पहले भोपाल में सीएम के साथ शेरा ने फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड की।
ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ का यह फोटो अब तक शेरा की प्रोफाइल पर था। जिसे बदल दिया।