- Hindi News
- National
- Burhanpur News Mp News Black Marketing Of Disposable Masks Priced At Rs 5 Rs 15 To 20 Selling In
डिस्पोजेबल मास्क की कालाबाजारी, 5 रुपए है कीमत; 15 से 20 रु. में बेच रहे
कोरोना वायरस को महामारी घोषित करने के बाद जिले में भी सार्वजनिक आयोजन और कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। केंद्र सरकार ने मास्क और सैनिटाइजर को आवश्यक वस्तु में शामिल किया है लेकिन बाजार से डिस्पोजेबल मास्क गायब हो गए। कुछ जगहों पर मास्क 15 से 20 रुपए में बिक रहे हैं। सैनिटाइजर के दाम भी रिटेल दर पर दोगुना हो गए हैं, यानी बाजार में यह महंगे दामों पर बिकेंगे।
कोरोना वायरस के देशभर में बढ़ते प्रभाव को देखते हुए 31 मार्च तक सभी आंगनवाड़ी केंद्र, सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज बंद करने के आदेश जारी हो गए हैं। सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 4 और 7वीं-8वीं की 16 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षाओं को आगामी आदेश तक निरस्त कर दिया है। कलेक्टर ने रविवार को होने वाले उपभोक्ता दिवस कार्यक्रम के साथ ही अन्य ऐसे आयोजन जिसमें भीड़भाड़ होना है, उनके आयोजन पर रोक लगा दी है।
रियायती दरों पर करेंगे मास्क की व्यवस्था
मेडिकल एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज अगनानी ने बताया बाजार में मास्क की कालाबाजारी खबर हमारे पास भी है। इसलिए रियायती दरों पर मास्क उपलब्ध कराने के लिए दो मेडिकल पर व्यवस्था है। एक सप्ताह में जिले में दस ऐसे मेडिकल पर सेंटर बनाए जाएंगे, जहां से रियायती दरों पर मास्क और सैनिटाइजर लोगों को उपलब्ध हो सकेंगे।
5 रु. का मिलता है सामान्य मास्क, अब उपलब्ध नहीं
मार्केट में सामान्य मास्क, जिसे डिस्पोजेबल मास्क कहते हैं 5 रु. में बिकता है लेकिन बाजार से यह गायब हो गया है। कुछ स्थानों पर कालाबाजारी कर 15 से 20 रु. में इसे बेचा जा रहा है। एन–95 मास्क की कीमत 200 रुपए है। फिलहाल यह भी मार्केट में नहीं है।
मांस की बिक्री 75% कम, दुकानों पर लगाई सूचना
मांस खाने से कोरोना वायरस होने की खबर के बाद 75% तक इसकी बिक्री कम हुई है। दाम भी आधे करना पड़े हैं। दुकानदारों ने पोस्टर लगाकर जागरूक कर रहे हैं। केंद्रीय पशुपालन मंत्रालय द्वारा जारी पत्र में छपा है कि मांस खाने से कोरोना वायरस न होने की सूचना लिखी है।
रिटेल में सैनिटाइजर के दाम दोगुना हुए
हाथों से बैक्टीरिया को मारने के लिए सैनिटाइजर का उपयोग होता है। कोरोना वायरस के प्रभाव ने इसके दाम भी दोगुना कर दिए हैं। बुरहानपुर में इसकी सप्लाय इंदौर से होती है। रिटेल में एक महीना पहले तक 50 एमएल की बोतल 30 रुपए में मिल रही थी लेकिन अब रिटेल के दाम 55 रुपए और 18 प्रतिशत जीएसटी जोड़कर मिल रही है। ऐसे ही 100 एमएल की बाेतल 160 रुपए और 18 प्रतिशत जीएसटी में मिल रही है। यह पहले 70 से 80 रुपए में मिल जाती थी।
सिनेमाघर बंद, उपभोक्ता दिवस कार्यक्रम रद्द
प्रशासन ने जिलास्तर पर भी कोरोना से बचाव के लिए प्रयास शुरू कर दिए है। रविवार को होने वाला विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस का कार्यक्रम स्थगित हो गया है। सुरक्षा की दृष्टि से सभी सिनेमाघरों काे बंद करने के आदेश कलेक्टर राजेश कौल ने जारी कर दिए हैं। 31 मार्च तक यह आदेश लागू रहंेंगे। बोर्ड परीक्षाओं को छोड़कर सभी परीक्षाओं के आयोजन को निरस्त कर दिया है। आंगनवाड़ी संचालन भी नहीं होगा। हालांकि कुपोषित बच्चों तक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पोषण आहार पहुंचाएंगी।
सैनिटाइजर के दाम दोगुना हो गए।
दवाइयों के दाम दोगुना हाे सकते हैं
चीन में कोरोना वायरस के प्रभाव के कारण पैरासिटामॉल दवा की सप्लाय पूरी तरह बंद हो गई है। इसका उपयोग 50 से ज्यादा तरह की दवाइयों में होता है। इस कारण पैरासिटामॉल से बनी दवाइयों के दाम दोगुना हो गए हैं। वहीं भारतीय मार्केट में अधिकतर दवाइयां बनाने का रॉ-मटेरियल चीन से आता है, क्योंकि वह सस्ता रहता है। फिलहाल शुष्क मौसम होने से सर्दी-खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों का प्रभाव कम है, इसलिए दवाइयों की कमी नहीं हुई है लेकिन यदि वायरस का प्रभाव बढ़ता है तो दवाइयों की कमी हाेने पर दोगुना तक दाम बढ़ जाएंगे।
सार्वजनिक और शासकीय आयोजन भी नहीं होंगे, कलेक्टर ने जारी किए आदेश