भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
गुरुवार को हुई जिला पुरातत्व समिति की बैठक में चर्चा के दौरान एेतिहासिक स्मारकों तक अब तक पहुंच मार्ग नहीं बन पाने का सच सामने आया। इस पर कलेक्टर सहित सभी सदस्य हैरत में पड़ गए। कलेक्टर ने पुरातत्व सहायक संरक्षक पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा- अब हम स्मारकों तक रोड बनवा रहे हैं। तुम अनुमति लेते रहो।
गुरुवार सुबह 11 बजे से कलेक्टोरेट कार्यालय में पुरातत्व समिति की बैठक हुई। इसमें सदस्यों और सहायक पुरातत्व संरक्षक की चर्चा में स्मारकों तक रोड नहीं बनने का सच सामने आया। सहायक संरक्षक सुभाष कुमार बोले- खुदाई में कंपन से स्मारक को नुकसान पहुंचता है, इसलिए आसपास रोड का निर्माण रुकवा देते हैं। इसके लिए हमें केंद्रीय पुरातत्व विभाग से अनुमति लेना होती है। कलेक्टर राजेशकुमार कौल ने कहा- इतने भूकंप के झटके आए। सैकड़ों वर्षों से वाहन गुजर रहे हैं, तब स्मारक गिर नहीं रहे और अब कैसे गिर जाएंगे। सहायक संरक्षक बोले- हमें केंद्र से अनुमति लेना होगी सर। इस पर कलेक्टर ने कहा- हम रोड का काम शुरू करवा रहे हैं। तुम अनुमति लेते रहो। जिला पुरातत्व समिति की बैठक में कलेक्टर राजेशकुमार कौल ने कहा- अकबरी सराय के आसपास जिन्होंने अतिक्रमण कर रखा है, उन्हें नोटिस दो। दौलत खां के मकबरे को लेकर उठे विवाद पर कलेक्टर ने एसडीएम केआर बड़ोले को जांच करने के निर्देश दिए। काला ताजमहल पर जाली लगवाने को कहा। ऐतिहासिक स्थानों पर पर्यटन पुलिस को तैनात कर अनैतिक गतिविधियों को रोकने के निर्देश दिए। जिला परिवहन अधिकारी सुरेंद्रसिंह गौतम से कहा- टाटा मैजिक वाहनों को लाइसेंस दिलाए जाए। जिन पर्यटन स्थलों पर ये वाहन जाना है, उसका शीघ्र ही रूट चार्ट तैयार किया जाए।
पीडब्ल्यूडी अफसरों ने काला ताजमहल रोड का निरीक्षण किया।
अफसरों ने बदहाल काला ताजमहल पहुंच मार्ग देखा
कलेक्टर बाेले लोक निर्माण विभाग के अफसर काला ताजमहल रोड पर पहुंचाे। कितनी लंबाई-चाैड़ाई है, इसकी नपती कर अभी बजरी डलवाओ। इसे चलने लायक ग्रेवल रोड बना दो। रोड निर्माण में कुछ आपत्ति आई है। इसका हम बाद में निराकरण कर रोड बनवाएंगे। निगम के अफसरों से कलेक्टर ने कहा कुछ भी करो, कुंडी भंडारा की लिफ्ट को जल्द चालू करवाओ। इसके बाद पुरातत्व समिति सदस्य और लोक निर्माण विभाग के अफसर काला ताजमहल पहुंच मार्ग पहुंचे। लोक निर्माण विभाग के अफसर रोड की रिपोर्ट बनाकर कलेक्टर को सौंपेंगे। होशंग हवलदार, डॉ. मेजर गुप्ता, कमरूद्दीन फलक, मो. नौशाद, अासीफ खान, नयन कापड़िया सहित अन्य मौजूद थे।