- Hindi News
- National
- Nepanagar News Mp News Napa Planted Cement Silipat On Nepanagar Ambada Bridge Also Sacked Sack
नेपानगर-अंबाड़ा पुल पर नपा ने सीमेंट के सिलीपाट लगाए, बोरी बंधान भी कराया
गर्मी में क्षेत्र में पानी की परेशानी न हो, इसलिए नेपानगर-अंबाडा पुल पर नगर पालिका ने सीमेंट के सिलीपाट और बोरी बंधान का कार्य कराया है। इससे अंधारवाड़ी तक नदी का बैक वाटर बढ़ जाएगा। क्षेत्र में भूमिगत जलस्तर भी बढ़ेगा क्षेत्र पानी संरक्षण को किए गए कार्य को देखने शनिवार को कलेक्टर राजेश कौल पहुंचे।
कलेक्टर राजेश कौल ने पूरे जिले में जलसंरक्षण के लिए निर्देश दिए है। बुरहानपुर में ताप्ती नदी पर विशाल बोरी बंधान कार्य भी कराया है। नेपानगर में जलसंरक्षण के लिए सीएमओ राजेशकुमार मिश्रा को ताप्ती नदी स्थित नेपा-अंबाड़ा पुराने पुल पर बोरी बंधान करने के निर्देश दिए थे। नपा ने बाेरी बंधान के साथ ही पुराने हो चुके सीमेंट के सिलीपाट पुल के गेट पर लगाए। इसका निरीक्षण करने शनिवार दोपहर 2 बजे कलेक्टर राजेश कौल नेपानगर पहुंचे। इस दौरान सीएमओ मिश्रा ने बताया ताप्ती नदी के पुराने पुल पर पानी रोकने का असर अंधारवाड़ी तक देखने को मिल रहा है। यहां करीब 5 फीट पानी बढ़ गया है, तो वहीं इसका बैकवाटर अंधारवाड़ी तक पहुंच रहा है। इससे एक ओर जहां गर्मी में पीने के पानी की समस्या नहीं आएगी, तो वहीं नपा की 34 करोड़ 45 लाख रुपए की महती पेयजल परियोजना शुरू होने पर यहां से शहर के लाेगोें को आसानी से पीने का पानी मुहैया करा जा सकेगा। इस दौरान कलेक्टर राजेश कुमार कौल ने कहा जल संरक्षण से सभी को लाभ मिलेगा। यहां एसडीएम विशा माधवानी भी मौजूद थी।
जानिए... पेयजल योजना के तहत क्या-क्या होगा
> पेयजल परियोजना के लिए नपा द्वारा एक अतिरिक्त पानी की टंकी का निर्माण कराया जाएगा। जबकि पहले से माैजूद दो टंकियों को भी उपयोग में लाया जाएगा। नेपानगर में जल वितरण व्यवस्था का जिम्मा पहले नेपा लिमिटेड के पास था। इसके बाद इसका संचालन नपा के हाथों में आया। अब आबादी के लिहाल से जल वितरण व्यवस्था का नया खाका तैयार किया गया है। जिसके तहत 34 करोड़ 45 लाख की योजना से शहर के लोगों की प्यास बुझाई जाएगी।
> वार्ड नंबर 24 साढ़ा कॉलोनी में एक पानी की टंकी पहले से ही मौजूद है। जिसकी क्षमता 1.60 लाख लीटर है। इसे नई जल वितरण व्यवस्था में उपयोग में लाया जाएगा।
> योजना का काम 20 माह में पूरा करना होगा। यानी 2021 के आखिरी में यह योजना मूर्त रूप ले लेगी।
> वार्ड नंबर 15 में भी एक टंकी है। जिसकी क्षमता 1.50 लाख लीटर है। यह सातपायरी में आती है। इसकाे भी उपयोग में लिया जाएगा। साथ ही एक नई टंकी का निर्माण कराया जाएगा। जिसकी क्षमता 1.90 लाख है। यह टंकी वार्ड नंबर 7 में पीर बाबा दरगाह के पास बनाई जाएगी।
34 करोड़ रुपए की पेयजल योजना का जल्द शुरू होने वाला है काम
शहर में ऐसे पहुंचाएंगे पानी
योजना के तहत पीर बाबा दरगाह, ताप्ती पुलिया के पास बैराज बनाया जाएगा। यहां एनिकट से पानी ठंडे नाले तक पहुंचाया जाएगा। यहां उसका ट्रीटमेंट करने के बाद पाइप लाइनों के माध्यम से शहर में स्थित दो पुरानी और एक नई टंकी में पहुंचाकर जल वितरण किया जाएगा।
योजना शरू हो तब नहीं आए परेशानी
कलेक्टर राजेश कुमार कौल ने नपा द्वारा पानी रोकने के लिए लगाए सिलीपाट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा यहां इतना पानी संरक्षित कर लिया जाए भविष्य में पेयजल परियोजना का काम पूरा हो तो शहर के लोगाें को आसानी से पानी मिल सके।
2021 तक होना है काम
अर्बन सर्विसेस इंप्रूवमेंट प्रोग्राम के तहत वर्ष 2021 में शहर के लोगों मिनरल वाटर की तरह फिल्टर पानी मिलेगा। हर घर में पानी के डिजिटल मीटर लगेंगे। सप्लाय भी 24 घंटे रहेगा। नगर पालिका ने सूरत, गुजरात की श्याम कंस्ट्रक्शन कंपनी को पेयजल परियोजना का काम सौंपा है। योजना शुरू करने के लिए सामग्री यहां आ गई है। योजना के तहत शहर के प्रत्येक वार्ड में पाइप लाइन बिछाई जाएगी। पानी ताप्ती नदी एनिकट क्षेत्र से शहर में लाया जाएगा।
5 फीट तक बढ़ गया पानी
-राजेश कुमार मिश्रा, सीएमओ नेपानगर
काम तेजी से कराएंगे
-राजेश चाैहान, अध्यक्ष नपा नेपानगर