एसडीएम ने पकड़ी अवैध रेत से भरी दो ट्राॅली
एक का ड्राइवर भाग निकला, दूसरा ट्राॅली छोड़ ट्रैक्टर ले भागा
क्षेत्र में रेत का अवैध खनन और कारोबार बड़े पैमाने पर हो रहा है। जिले में रेत खदानों का ठेका हो चुका है लेकिन अब तक यहां से खनन शुरू नहीं हुआ है। अवैध खनन कर रेत की कालाबाजारी की जा रही है।
गुरुवार शाम एसडीएम विशा माधवानी को सूचना मिली कि नसीराबाद में लिंगी फाटे के पास से रेत का अवैध परिवहन हो रहा है। इसके बाद एसडीएम मौके पर पहुंचीं। एक ड्राइवर मौके से भाग निकला, वहीं दूसरा ट्राॅली छोड़कर ट्रैक्टर ले भागा। एसडीएम ने दोनों वाहन जब्त कर लिए। एसडीएम ने बताया अवैध खनन की लगातार शिकायतें आ रहीं थीं। इसके बाद मौके पर दबिश दी। भाग रहे आरोपियों का दूर तक पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वो भाग निकले। इसके बाद रेत से भरी दो ट्रॉली और एक ट्रैक्टर जब्त किया है। इन्हें तहसील कार्यालय में खड़ा कराया गया है। जानकारी अनुसार नेपा लिमिटेड के ईटी प्लांट पर भी काफी दिनों से अवैध रेत का जमकर परिवहन हो रहा है। यहां काफी मात्रा में रेत रखी जा रही है। कुछ दिन पहले एसडीएम ने खुद यहां पहुंचकर कार्रवाई की थी, लेकिन अवैध रेत माफियाओं के हौंसले इतने बुलंद हैं कि, वे खुलेआम कारोबार कर रहे हैं।
जब्त ट्रैक्टर-ट्राॅली के साथ एसडीएम विशा माधवानी।