- Hindi News
- National
- Maharaj Pur News Mp News 5500 Farmers Of Maharajpur Region Got Benefit Of Jai Kisan Loan Waiver Scheme
महाराजपुर क्षेत्र के 5,500 किसानों को मिला जय किसान कर्ज माफी योजना का लाभ
सूचना... मतदाता सूची के लिए दावा आपत्ति
आयोग ने की आमंत्रित
छतरपुर | राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों व त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2020 के लिए तैयार की गई फोटोयुक्त मतदाता सूची पर 22 से 30 अप्रेल तक दावे-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश का कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे। जिले के सभी एसडीएम व जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया गया है कि वे पात्र मतदाताओं के पंजीयन कराने के साथ जिले में निवासरत नवीन, महिला, नवीन बसाहटों, दिव्यांग, वंचित समूहों तथा दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित एवं बिखरे हुए समूह के मतदाताओं के पंजीकरण हेतु विशेष कार्ययोजना बनाकर उनका शत-प्रतिशत पंजीकरण कराएं। ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।
सूचना... छात्रवृत्ति और आवास सहायता के
लिए 20 मार्च तक करें आवेदन
छतरपुर | आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा महाविद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों की वर्ष 2019-20 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति और आवास सहायता योजना की स्वीकृति के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 मार्च निर्धारित की गई है। जबकि सक्षम अधिकारी द्वारा इन आवेदनों की स्वीकृति की अंतिम समय सीमा 31 मार्च निर्धारित की गई है। जिला संयोजक आरपी भद्रसेन ने जिले के सभी शासकीय और अशासकीय कॉलेजों के प्राचार्यों से अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के छात्रों की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति और आवास सहायता योजना की स्वीकृति शासन द्वारा निर्धारित समय में करने के लिए कहा है। विलंब की स्थिति में संस्था प्रमुख स्वयं उत्तरदाई होंगे।
सूचना...फोटोयुक्त मतदाता सूची
कार्य के लिए प्रेक्षक नियुक्त
छतरपुर | जिले के नगरीय निकाय और ग्राम पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण की कार्रवाई के पर्यवेक्षण के लिए राज्य प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी अमर सिंह चंदेल को निर्वाचन आयोग का प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक श्री चंदेल प्रथम चरण के दौरान 16 से 20 मार्च तक और द्वितीय चरण के दौरान 29 अप्रेल से 4 मई तक जिले में मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम का भ्रमण कर पर्यवेक्षण करेंगे।
आयोजन...नंदीबाला मंदिर में रंगपंचमी
महोत्सव आज शाम को
छतरपुर | पावन पर्व होली के अवसर पर स्थानीय ग्वालमगरा तालाब स्थित नंदीबाला मंदिर में आज शनिवार को रंगपंचमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सनातन धर्म सेवा समिति एवं नंदीबाला मंदिर पब्लिक ट्रस्ट के संयोजन में आयोजित इस रंगपंचमी महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समिति अध्यक्ष सौरभ तिवारी ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी इंद्र धनुषीय रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर रंग पंचमी के दिन समिति द्वारा शनिवार की शाम 6 बजे से नंदीबाला मंदिर में होली महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसमें राधाकृष्ण की सजीव झांकी फूलों से होली खेली जाएगी। साथ ही भजनों, फागों के गायन का रंगारंग कार्यक्रम होगा। आयोजन समिति ने नगर के सभी धर्मप्रेमी बन्धूओं, माताओं, बहिनों से इस महोत्सव में पधार कर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।
संस्था...बुंदेल केसरी क्षत्रिय महासंघ का होली मिलन कल
छतरपुर | बुंदेल केसरी क्षत्रिय महासंघ द्वारा कल रविवार को होली मिलन समारोह मनाया जाएगा। महासंघ सचिव अशोक प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार की दोपहर 12 बजे सागर राेड स्थित मधुवन गार्डन में यह होली मिलन समारोह मनाया जाएगा। इस समारोह में क्षत्रीय समाज के सभी महिला, पुरुष और युवाओं को आमंत्रित किया गया है।
महाराजपुर | महाराजपुर तहसील के 5,500 किसानों को जय किसान कर्ज माफी योजना के दूसरे चरण में 13 करोड़ 43 लाख 45 हजार की राशि स्वीकृत की गई है। क्षेत्रीय विधायक नीरज दीक्षित ने बताया कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने अपने वचन को पूरा करने के लिए करीब 26 करोड़ रुपए दिए हैं। उन्होंने बताया कि महाराजपुर तहसील में 9 करोड़ 97 लाख 57 हजार रुपए, नाैगांव तहसील में 13 करोड़ 43 लाख 45 हजार रुपए देकर महाराजपुर विधानसभा के किसानों का किया कर्जा माफ कर महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के लगभग 5500 किसानों काे लाभांवित किया है।