- Hindi News
- National
- BALDEVGARH News Mp News Children Played Dry Holi With Color Foreign Guests Seen In Indian Colors
रंग-गुलाल के साथ बच्चों ने खेली सूखी होली, भारतीय रंग में दिखे विदेशी मेहमान
शहर भर में इस बार लोगों ने सूखी होली खेलकर पर्यावरण का संदेश दिया। बिना पानी की बर्वादी के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। होली पर मौसम में हल्की ठंडक घुली हाेने से लोग पानी से दूर रहे। गुलाल की होली खेलकर लोगों ने मनोरंजन किया। इसके अलावा पर्यटन नगरी ओरछा में विदेशी सैलानियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेली। सभी विदेशी भारतीय रंग में रंगे दिखाई दिए।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने अबीर और गुलाल के साथ होली खेली। शहर के लोग मंगलवार को पूरे रंग में दिखाई दिए। युवाओं ने होली पर्व पर गिले-सिकवे दूर करके एक-दूसरे को गुलाल लगाई। होली का पर्व मनाने के लिए लोग अलग-अलग अंदाज में दिखे। बच्चे हाथों में पिचकारी लेकर पानी डाल रहे थे। कई लोगों ने घर पर ही मनोरंजन किया तो कुछ लोग फार्म हाउस पर पकवान बनाकर होली उत्सव मनाया। सुबह से युवा अपनी-अपनी टोली बनाकर होली खेलने निकले। गांधी चौराहा, स्टेट बैंक, कटरा बाजार, सहित प्रमुख चौराहों पर युवाओं ने गुलाल लगाकर होली खेली। इस दौरान मुख्य मार्गों पर पुलिस के जवान तैनात रहे। वाहन से लगातार सड़कों पर भ्रमण करते रहे।
रंग का नहीं किया उपयोग, बच्चों ने खेली होली:
बल्देवगढ़| नगर में होली का त्यौहार परंपरागत तरीके से मनाया गया। हालांकि होली के अवसर पर पहले की तरह उत्साह नजर नहीं आया और लोगों ने रंग का उपयोग कम कर गुलाल से होली खेलने में ज्यादा रुचि दिखाई। मोहल्लों में बच्चों एवं युवाओं ने जमकर होली खेली। वही बड़े बुजुर्गों ने कोरोना वायरस के चलते घर से निकलना मुनासिब नहीं समझा। घर पर ही बैठकर समय व्यतीत किया। ग्रामीण क्षेत्रों में परंपरागत तरीके से होली का त्यौहार मनाया।
बहनों ने दूज पर भाईयों को लगाया तिलक
जिले भर में होली पर्व के बाद भाई दूज मनाया गया। होली की द्वितीय तिथि को भाई बहन के प्रेम का प्रतीक माना जाने वाला त्यौहार भाई दूज मनाया गया। सुबह से पहले घर के दरवाजों पर दूज बनाकर पूजा अर्चना की। इसके बाद बहनों ने अपने भाई को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई। इस त्यौहार को बच्चों ने उत्साह के साथ मनाया।
हिंदी होली गीतों पर खूब थिरके विदेशी मेहमान
ओरछा| पर्यटन नगरी ओरछा में रंगो का त्योहार होली बड़े ही हर्षोल्लास और सौहार्द पूर्वक मनाया गया। इस पावन पर्व पर देशी लोगों के साथ विदेशी पर्यटकों ने खूब घुल मिलकर बड़े ही उत्साह के साथ रंगोत्सव का एक दूसरे को रंग गुलाल डालकर भरपूर आनंद लिया। होलिका दहन के दूसरे दिन मंगलवार सुबह से ही धार्मिक एवं पर्यटन नगरी के सभी होटलों व नगर के मुख्य चौराहा, झांसी रोड, गणेश दरवाजा, नदी रोड पर विदेशी पर्यटकों ने जमकर होली खेली। डीजे पर बज रहे होली के शानदार गीत होरी खेले रघुवीरा अवध में जैसे होली गीतों पर खूब ठुमके लगाए और एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली उत्सव का भरपूर मजा लिया।