- Hindi News
- National
- Naugaon News Mp News Collectors Order Ineffective Illegal Transportation Of Sand From Alipura Tila And Garrauli
कलेक्टर का आदेश बेअसर : अलीपुरा, टीला और गर्रौली से हो रहा रेत का अवैध परिवहन
नवागत कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने रेत सहित अवैध कार्यों को तत्काल प्रभाव से बंद कराने का आदेश पुलिस, खनिज और राजस्व विभाग को दिया है, लेकिन कलेक्टर के आदेश के बाद से नौगांव अनुविभाग क्षेत्र में कोई फर्क नहीं पड़ा है। नौगांव थाना क्षेत्र के गर्रौली, अलीपुरा और टीला गांव में अवैध तरीके से भंडारित की गई रेत का अवैध परिवहन जोरों पर चल रहा है। इस कारोबार की अधिकारियों को पूरी जानकारी है। क्षेत्र में रेत का परिवहन अधिकारियों की मिलीभगत से ही चल रहा है।
नौगांव थाना क्षेत्र के गर्रौली चौकी क्षेत्र से निकली शारदन भंडार नदी से रेत माफिया द्वारा अवैध तरीके से नदी से रेत का अवैध उत्खनन कर नदी किनारे स्थित खेतों में रेत का अवैध भंडारण किया गया है। यहां ट्रैक्टर-ट्राली से नौगांव, छतरपुर और उत्तर प्रदेश के अजनर, बेलाताल, महोबा भी रेत भेजी जा रही है। वहीं अलीपुरा थाना क्षेत्र के टीला और अलीपुरा से निकली धसान नदी के किनारे अवैध रूप से भंडारित की गई रेत को रेत माफियाओं के द्वारा ट्रैक्टर - ट्राॅली की माध्यम से नौगांव, छतरपुर, हरपालपुर के अलावा उत्तर प्रदेश के अजनर, बेलाताल में भेजी जा रही है। अवैध रेत परिवहन के बारे में पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग को ज्ञात नहीं है बल्कि रेत का अवैध गोरखधंधा अलीपुरा थाना पुलिस, नौगांव थाना पुलिस और गर्रौली चौकी के साथ नौगांव राजस्व विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से चल रहा है।
पुलिस अफसर रेत के परिवहन से ही जता रहे अनभिज्ञता
टीआई बैजनाथ शर्मा का कहना है कि उनके द्वारा लगातार रेत परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जहां भी रेत से भरे ट्रैक्टर मिलते हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। एसआई गर्रौली माधवी अग्निहोत्री रेत के परिवहन से ही खुद को अनभिज्ञ बता रही हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में रेत का परिवहन नहीं हो रहा है। यदि ऐसा पाया जाता है तो निश्चित कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को सूचना के
बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
अलीपुरा थाना क्षेत्र के करारागंज गाँव के पास अवैध रेत परिवहन के दौरान भरी ट्राॅली सड़क धंसने से फंस गई, शनिवार की रात फंसी ट्राॅली रविवार और सोमवार दो दिनों तक इसी हाल में लावारिश की तरह खड़ी रही ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत अलीपुरा पुलिस से की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की जिसके चलते अवैध रेत से भरी ट्राॅली बीच सड़क पर ही खड़ी है और फिर मौका पाकर माफिया ट्राॅली उठा ले गए।
रेत माफिया द्वारा अवैध तरीके से नदी से रेत का किया जा रहा उत्खनन
कलेक्टर बाेले-होगी कार्रवाई
Ãपूरे जिले में कहीं भी अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन नहीं होने देंगे। जहां भी रेत का अवैध कारोबार चल रहा है। खनिज विभाग अाैर राजस्व विभाग को बोलकर कार्रवाई कराएंगे।
-शीलेंद्र सिंह, कलेक्टर
कार्रवाई की जा रही है
Ãरेत के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, कलेक्टर साहब के सख्त निर्देश हैं और उनके निर्देशन में ही रेत के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, मेरे द्वारा रात के समय भी दबिश दी जा रही है।
-बीपी सिंह, तहसीलदार
पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में
क्षेत्र में हो रहे अवैध रेत उत्खनन को लेकर ग्रामीणों द्वारा पुलिस और राजस्व विभाग को लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन पुलिस और राजस्व विभाग कार्रवाई की गेंद खनिज विभाग के पाले में डालकर बचते नजर आते हैं। वहीं नौगांव थाना पुलिस अौर गर्रौली चौकी में पदस्थ सिपाही और अलीपुरा थाना में जमे आरक्षक रेत के अवैध ट्रैक्टर से वसूली करते हैं।