- Hindi News
- National
- Prithvipur News Mp News Death Wells Are Open Everywhere Even After The Incidents The Authorities Are Still Careless
जगह-जगह खुले पड़े हैं मौत के कुएं, घटनाओं के बाद भी अधिकारी अब तक हैं बे-परवाह
पृथ्वीपुर के जेरोन रोड स्थित वार्ड नंबर 3 में भाईदूज के दिन खुले पड़े कुएं में डूबने से दो भाईयों की मौत हो गई थी। ह्रदय विदारक घटना होने के बाद भी प्रशासन वार्डों में खुले डले कुओं को कवर्ड नहीं कर रहा है। खुले कुएं अभी भी मौत को न्यौता दे रहे हैं। ऐसी ही घटना तीन माह पूर्व शहर के पठला मोहल्ला में हुई थी। पतंग उड़ाने के दौरान बच्चा खेलते-खेलते खुले कुएं में गिर गया था। इसके बाद भी प्रशासन नहीं बे-परवाह बना हुआ है।
पृथ्वीपुर नगर के 15 वार्डों में सरकारी और गैर सरकारी कुएं बने हैं। जिसमें रौतेला मोहल्ला, मैन बाजार, गंज मोहल्ला, टेहरका मार्ग पर करीब आधा दर्जन खुले कुओं में अक्सर गिरने की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन प्रशासन इन मामलों काे गंभीरता से नहीं लेता। जिसके चलते हाल ही में जेरोन रोड पर खुले कुएं में गिरने दो सगे भाई 15 वर्षीय सुमित शर्मा और 13 वर्षीय बॉबी शर्मा की मौत हो गई। इसके बाद भी दूसरे दिन उस कुएं को ढंका नहीं गया। प्रशासन अब भी मौन बैठकर तमाशबीन बना हुआ है। नगर के मुकेश गुप्ता ने बताया कि कुओं को ढंकने की मांग पहले भी की गई थी, लेकिन नजरअंदाज कर दिया गया। संतोष साहू ने बताया कि नगर में जितने भी कुएं हैं उनको ढंका जाए, तो शायद इस तरह की घटनाओं काे रोका जा सके। इसमें प्रशासन की लापरवाही साफ तौर से देखी जा सकती है। वहीं अमित श्रीवास्तव का कहना है कि मुख्य मार्ग बने खुले कुओं में अक्सर परेशानी होती है। इसके बाद भी प्रशासन चेत नहीं रहा।
शहर में हादसे के बाद नहीं जागा प्रशासन: करीब तीन महीने पहले पठला मोहल्ला में रहने वाले नफीस खान का 7 वर्षीय बेटा अरमान खान खुले मैदान में पतंग उड़ा रहा था। इस दौरान पतंग उड़ाते हुए दौड़ा और खुले कुएं में पैर फिसल गया। जब लोग बचाने के लिए उतरे, तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद भी प्रशासन नहीं जागा और मैदान में बने कुएं अभी भी खुले में पड़े हैं। नगर में एक भी कुएं पर प्रशासन ने जाल नहीं डलवाया। सुदीप मिश्रा का कहना है कि शहर में बने अन्य कुएं में भी गोवंश गिरकर घायल हो चुके हैं। जिनकी सुध नहीं ली गई। ऐसे में घटना के बाद प्रशासन तमाशा देखती रहती है।
इन कुओं में हो चुकी घटनाएं
{अंबेडकर स्थित शराब दुकान के पास मैदान में खुला पड़ा कुआं।
{प्रधानपुरा स्थित बगिया में खुला कुआं।
{राजमहल के पास खुला पड़ा कुआं।
{पुराना बस स्टैंड स्थित मोहल्ले में बना कुआं पड़ा खुला।
{पुरानी टेहरी में खुला पड़ा कुआं।
टीकमगढ़। प्रधानपुरा स्थित बगिया में खुला डला कुआं। अंबेडकर रोड शराब दुकान के पास मैदान में खुला डला कुआंं।
इम्तियाज हुसैन, नपा सीएमओ **
{सवाल : नगर में बार-बार घटनाएं होने के बाद भी खुले पड़े कुओं को अब तक ढंका क्यों नहीं जा सका ?
जवाब : एक वर्ष पूर्व कुओं को ढंकने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। कुछ ढंक पाए, बाकी लोगों ने निजी बताकर जाल नहीं डालने दिया।
{सवाल : कुछ कुएं आज भी सरकारी हैं जो खुले डले हैं ?
जवाब : नगर प्रशासन की टीम बनाकर सभी वार्डों के कुओं का सर्वे कराया जाएगा और उनकी व्यवस्था की जाएगी।
{सवाल : जो निजी कुएं हैं उनको भी व्यवस्थित करने के लिए क्या कार्रवाई की गई?
जवाब : निजी जमीन में जिन लोगों के कुएं है, उनको नोटिस जारी करके शीघ्र ही उन पर जाल डालने के लिए निर्देशित किया जाएगा।
पृथ्वीपुर। हादसे के बाद खुले कुएं को अभी तक नहीं ढंका गया।