पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • BALDEVGARH News Mp News Heavy Rain Hail Fell In Many Villages Of Baldevgarh Two Died Due To Lightning

तेज बारिश, बल्देवगढ़ के कई गांवों में ओले गिरे, बिजली गिरने से दो की मौत

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मार्च महीने में गर्मी के सीजन की शुरुअात मानी जाती है, लेकिन इस बार अब तक माैसम के तेवर नर्म-गर्म बने हुए हैं। स्थिति यह है कि हर एक-दो राेज में मौसम बदल रहा है। शुक्रवार को एक बार फिर सुबह से मौसम ने करवट बदली, सुबह से जिले के कई क्षेत्रों में गरज के साथ तेज बारिश और ओले भी गिरे। जिससे गेहूं की फसलों को 10 से 20 फीसदी का नुकसान हुआ है। खेतों पर अफरा-तफरी मच गई। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग स्थानों पर खेतों में काम कर रहे दो किसानों की मौत हो गई।

चंद्रपुरा गांव के लोगों ने बताया कि जंगल में बलम पाल बकरियां चराने गया था। दोपहर में अचानक अाकाशीय बिजली गिरी। जिसकी चपेट में बलम पाल आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना डायल 100 को दी। मृतक के शव को स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। इसके अलावा मझगुवां गांव बिहार में ग्यासी अहिरवार खेत पर काम कर था। जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

बल्देवगढ़ के कई गांवों में गिरे ओले: बल्देवगढ़ तहसील क्षेत्र के कई गांवों में हल्की बारिश और ओले गिरने के चलते 10 से 20 फीसदी फसल को नुकसान हुआ। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 8 बजे करीब 2 मिनट तक ग्राम सुजानपुरा बनियानी, भिलौनी सहित कई ग्रामों में चने के आकार के ओले गिरे और बारिश से किसानों की फसल खेतों में बिछ गई। इसके बाद 10 बजे फिर से करीब 5 मिनट तक इन गांवों में बेर के आकार के ओले गिरे। वहीं शाम को 4 बजे के करीब नारायणपुर, अहार, कछियाखेरा सहित कई गांवों में 5 मिनट तक चने के आकार के ओलावृष्टि हुई।

सुजानपुरा निवासी किसान हर नारायण यादव ने बताया कि खेतों में फसल पक कर तैयार है। किसानों ने जैसे-तैसे करके फसल तैयार तो कर ली, लेकिन लगातार हो रही बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। सुजानपुरा के ही मिट्ठू यादव का कहना है कि क्षेत्र में कुछ किसानों की फसल तो कटना भी शुरू हो गई है और कुछ किसानों की फसल आने को है, लेकिन लगातार ओलावृष्टि और हवा पानी से किसान के हौसले टूट रहे हैं। वहीं जैसे ही बल्देवगढ़ तहसीलदार कमलेश कुशवाह को सुजानपुरा क्षेत्र में ओले गिरने की सूचना प्राप्त हुई तो वह अपने दल बल के साथ तुरंत ही किसानों के खेतों पर पहुंचे और फसल नुकसान होने की जानकारी प्राप्त की हालांकि उनका कहना है कि पहली बार गिरे ओलों से फसल में कोई विशेष नुकसान नहीं हुआ है।

जल्दी ही तापमान में बढ़त देखने को मिलेगी

मौसम विभाग के नोडल अधिकारी एके श्रीवास्तव के अनुसान राजस्थान में चक्रवात बनने के कारण हमारे शहर का मौसम भी बदला है। शुक्रवार को सुबह से ही बादल थे और बारिश के साथ ओले भी देखने को मिले। आने वाले दिनों में जल्दी ही तापमान में बढ़त देखने मिलेगी। उन्होंने बताया कि बार-बार बदल रही हवा की दिशा के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 25.4 व न्यूनतम 17.0 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 31.0 व न्यूनतम 15.8 डिग्री था। 24 घंटे में अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री गिर गया। जबकि न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री का उछाल देखने मिला।

पटवारी और आरआई के साथ खेतों का मुआयना करने पहुंचे तहसीलदार

इस संबंध में प्रभारी तहसीलदार बल्देवगढ़ कमलेश कुशवाहा का कहना है कि शुक्रवार की सुबह जैसे ही सुजानपुरा क्षेत्र में ओले गिरने की सूचना मिली, तो मैं और राजस्व निरीक्षक कौशलेंद्र सिंह बुंदेला व हल्का पटवारियों के साथ मौके पर जाकर फसलों को देखा। पहली बारिश के बाद करीब 5 से 10 फीसदी फसलों काे नुकसान दिखा है। मैंने तहसील क्षेत्र के सभी पटवारियों को अलर्ट किया हुआ है, कि कहीं से भी किसी प्रकार की कोई फसल नुकसान होने की सूचना मिले, तत्काल मौके का मुआयना किया जाए और किसान को नुकसान का मुआवजा दिलाया जाए।

टीकमगढ़। किसान की फसल जमीन पर बिछी पड़ी। इनसेट में बल्देवगढ़ के कई गांवों में बारिश के साथ बेर के आकार के गिरे ओले।
खबरें और भी हैं...