- Hindi News
- National
- Bakswaha News Mp News If The Girl Is Educated The Parents39 Name Will Be Illuminated
बालिका शिक्षित होगी तो माता-पिता का नाम रोशन करेगी
बकस्वाहा नगर के आंगनवाड़ी केंद्र वार्ड क्रमांक 12 में शासन द्वारा संचालित पोषण अभियान के तहत पोषण पखवाड़ा अंतर्गत एनीमिया कैंप लगाकर किशोरी बालिकाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी शिक्षा प्रदान की गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शशि प्रभा जैन ने बताया कि बालिकाओं को शिक्षित होना अति आवश्यक है। बालिका शिक्षित होती है तो माता-पिता का नाम रोशन करती है और विवाह के उपरांत अपनी संतान को भी शिक्षित करती है ।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु के बाद ही बच्ची का विवाह कराना चाहिए, यदि माता-पिता इसके पहले शादी करते हैं तो उनको समझाना चाहिए। माहवारी के दौरान साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए सेनेटरी नैपकिन का उपयोग करना चाहिए, यदि सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध न हो सके तो इसका अवश्य ध्यान रखना चाहिए। पहला सूती, दूसरा साफ और तीसरा सूखा हुआ कपड़ा उपयोग करें। इस दौरान हमारे शरीर में खून की कमी हो जाती है इसकी पूर्ति के लिए हमें अपने भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां एवं सलाद अधिक मात्रा में उपयोग करनी चाहिए। साथ ही मौसमी फल व खट्टे पदार्थ भी लेते रहना चाहिए, जिससे हमारे शरीर में आयरन का अवशोषण अच्छी तरह से हो सके। सप्ताह में एक टेबलेट अवश्य ही खाना चाहिए।
कार्यक्रम में मथुरा साहू, कामिनी चौरसिया, किरण चौरसिया, माया चौरसिया, जोति रैकवार, रानी पटेल, सविता पटेल, मानवी पटेल, कंचन पटेल, उमा तिवारी, शिवानी अहिरवार, माही खटीक, अंश खटीक, इसने खटीक, नेहा अहिरवार, मानवी साहू, अनुष्का साहू आदि किशोरी बालिकाएं मौजूद रहीं।
बच्चों को सप्ताह में 2 बार आयरन सीरप अवश्य पिलाएं
आंगनबाड़ी सहायिका प्रभा तिवारी ने बताया कि हमें अपने छोटे बच्चों 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को सप्ताह में 2 बार आयरन सिरप अवश्य ही पिलाना चाहिए ताकि बच्चों में एनीमिया न हो पाए। एनीमिया के लक्षण व एनीमिया की रोकथाम के उपाय से सभी को अवगत कराते हुए सभी किशोरी बालिकाओं को आयरन टेबलेट वितरित की ।