पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Jatara News Mp News In Modern Times Women Are No Less Than Anyone You Are Like Durga Maiya Brijendra Singh

आधुनिक जमाने में अब महिलाएं किसी से कम नहीं, आप दुर्गा मैया समान: बृजेंद्र सिंह

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को महिला शिक्षा को बढ़ाने के उद्देश्य से जिले की कई ग्राम पंचायतों में महिला ज्ञानालयों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों के साथ ग्रामीण महिलाओं द्वारा महिला ज्ञानलाय का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस दौरान शासकीय कार्यालयों में पदस्थ महिला कर्मचारियों का सम्मान भी किया गया।

इसके साथ ही अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रविवार को ग्राम पंचायतों में सबला महिला सभा का आयोजन भी किया गया। इसमें महिलाअों के सामाजिक अौर आर्थिक विकास, लोक परम्पराअों तथा सामाजिक कुरीतियों जैसे विषयों पर चर्चा की गई। सबला महिला सभा में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा महिलाअों, बालिकाअों एवं बच्चों के स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। सभा में सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग द्वारा संचालित कल्याणी पेंशन, कन्या अभिभावक पेंशन सहित विभिन्न योजनाअों एवं कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। महिला सशक्तिकरण, बालिकाअों के जन्म को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

दिगौड़ा में कार्यक्रम का किया गया आयोजन: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिगौड़ा में सृजन संस्था द्वारा सशक्त नारी सशक्त राष्ट्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मप्र शासन के वाणिज्यक कर मंत्री बृजेन्द्र सिंह राठौर ने किया। इसके बाद स्व सहायता समूह की महिलाओं ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री राठौर का रक्षा सूत्र बांधकर एवं तिलक कर स्वागत किया। कार्यक्रम में वीरांगना महिला महासंघ जतारा एवं आजाद महिला महासंघ दिगौड़ा का मंच पर ही लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राठौर ने कहा कि आज के जमाने में महिलाएं किसी से कम नहीं। आपकी ताकत दुर्गा मैया, सरस्वती मैया से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि महारानी लक्ष्मी बाई, मदर टेरेसा, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, कल्पना चावला ये नाम ऐसे हैं, जिन्हें आज दुनिया जानती है। आप यदि शिक्षित हैं तो सब कुछ है।

उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ जिला आज गेहूं की खेती में देश में अव्वल आता है, जिसका श्रेय हमारी माताओं-बहनों को भी जाता है। हमारे क्षेत्र में माताएं दिन-रात खेतों पर काम करती हैं। इसके साथ ही हमारी माताएं-बहने जब घर अच्छे से चला सकती हैं, तो देश भी चला सकती हैं। उन्होंने कहा जैसे महिलाओं को शिक्षित करने के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा जिले में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए, उन्हें पढ़ने-पढ़ाने के लिए गांव-गांव में ज्ञानालय बनवाए जा रहे हैं, जहां महिलाओं को पढ़ने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

इस दौरान आजीविका महिला महासंघ की महिलाओं ने अपने अनुभव बताए। साथ ही समाजसेवी गोपाल भाई एवं सृजन संस्था के राकेश सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर जनप्रतिधि, सीईओ जिला जिला पंचायत हर्षल पंचोली सहित कई महिलाएं उपस्थिति थीं।

महिला साक्षरता बढ़ाने किए जा रहे विशेष प्रयास: मंत्री राठौर ने जिले के ग्राम गोर में जिले में महिला शिक्षा को बढ़ाने के उद्देश्य से की गई नवीन पहल के रूप में महिला ज्ञानालय का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि हमें ऐसी आशा है कि आप सब बेटियों के साथ अपने घर की महिलाओं को भी पढ़ाएं और शिक्षित बनाएं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एसके अहिरवार, डिप्टी कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।

अस्तौन में मनाया गया महिला दिवस

नेहरू युवा केन्द्र ने अस्तौन गांव में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुड्डी कुशवाहा जनपद सदस्य टीकमगढ़ थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा समन्वयक तन्मय आचार्य ने की। नेहरू युवा केन्द्र द्वारा सभी ब्लॉकों में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन युवा मंडलों, महिला मंडलों के माध्यम से पूरे जिले में किया जा रहा है। सभी ब्लॉकों के लगभग 180 ग्रामों के युवा मंडलों के द्वारा महिला दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम जिसमें रैली, महिला दौड़, सेमीनार, वाद-विवाद प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता तथा महिला सम्मान समारोह के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में अस्तौन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया।

टीकमगढ़। गोर गांव में महिला ज्ञानालय का किया गया शुभारंभ।
खबरें और भी हैं...