500 कलश और 121 घोड़ों के साथ निकली कलशयात्रा
नगर के वार्ड नंबर 14 में 11 मार्च से 18 मार्च तक श्रीराम हनुमान महायज्ञ शुरू हो रहा है। यज्ञ के पहले दिन पंडितों के द्वारा मंत्रोच्चार विधि विधान से नगर में 10 किलोमीटर की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में महाराजपुर नगर और आसपास के ग्रामीणों की आठ हजार लोगों की भीड़ साथ रही। 121 घोड़े, बैंड बाजे 500 कलश रखे कन्याओं और महिलाओं की शोभा देखते ही बनती थी।
कलश यात्रा हनुमान मंदिर से शुरू होकर कुसमा के मुख्य रास्तों से होते हुए महाराजपुर पहुंची। महाराजपुर में पुराना बाजार पटेरिया मार्ग चौरसिया बस्ती, पंडित मुहल्ला, गर्ल्स प्राइमरी स्कूल, पुराना थाना, खगराया मुहल्ला, डाक खाना होते हुए महाराजपुर बस स्टैंड से आर्य समाज स्कूल पहुंची। पूरे नगर का भ्रमण करके वापस यज्ञ
स्थल हनुमान मंदिर कुसमा के लिए रवाना हुई।
भास्कर तिवारी ने बताया कुसमा महाराजपुर के लोगों ने अपनी दुकानों को बंद कर यज्ञ की कलश यात्रा में सम्मलित हुए। कुसमा महाराजपुर के लोगों ने जगह जगह टेंट लगाकर कर कलश यात्रा में चल रहे श्रद्धालुओं को हलुवा मिठाई, फल फूल, पानी सरबत पिलाकर स्वागत किया। श्रीराम हनुमान यज्ञ में रोजाना सुबह शाम श्रीमद्भागवत कथा भी होगी। कथा वाचक धीरेंद्र कृष्ण महाराज द्वारा लोगों को श्रीमद्भागवत कथा सुनाई जाएगी। बाहर से आने वाले श्रोताओं को रुकने खाने पीने की व्यवस्था भी यज्ञ कर्ता कमेटी द्वारा की गई है। कलश यात्रा में रविन्द्र पुरोहित, भास्कर तिवारी, शैलेन्द्र कुमार पुरोहित, पप्पू पुरोहित, रामशरण नायक,अतुल नायक, आलोक चौबे, नीलू तिवारी, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।