- Hindi News
- National
- Chhatarpur News Mp News Kurmi Community Will Not Fire In Marriage Or Other Ceremony
कुर्मी समाज विवाह या अन्य समारोह में नहीं करेगा हर्ष फायर
अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा का रंगपंचमी पर सामूहिक मिलन कार्यक्रम हुआ। पीतांबरा मंदिर के पास समाज की जमीन पर आयोजित कार्यक्रम में पूरे जिले से समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में समाज ने अपने स्तर पर हर्ष फायर पर रोक लगाने की पहल शुरू की। समाज के लोग शादी समारोह या खुशी के किसी अन्य मौके पर होने वाले आयोजनों में हर्ष फायर नहीं करेंगे। लोगों ने सार्वजनिक समारोह में हथियार लेकर नहीं जाने की भी शपथ ली।
रंग पंचमी के अवसर पर पीतांबरा मंदिर के बगल में पटेल धर्मशाला की जमीन पर मिलन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाला प्रसाद पटेल सटई मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भगवानचरण पटेल रहे वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के जिलाध्यक्ष नारायण दास पटेल ने की। जिला संगठन सचिव मुकेश पटेल ने बताया कि कार्यक्रम में अक्षय तृतीया पर होने वाले सामूहिक विवाह को लेकर रणनीति बनाई गई। समाज के ओर से दो स्थानों पर होंगे। एक आयोजन चौंडाखेरा धाम खजुअा राजनगर में अक्षय तृतीया पर 26 अप्रेल को होगा। दूसरा आयोजन 6 मर्ई को रामघाट झमटुली में होगा। सम्मेलन के लिए जोड़ों के पंजीयन शुरू हो गए हैं। पदाधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक जोड़ों के पंजीयन कराने की अपील की है। सम्मेलन में कोरोना वायरस से सावधानी को लेकर भी चर्चा की गई। लोगों को स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का पालन करने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष लखन पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष हरदयाल पटेल, अयोध्या प्रसाद सौंरा, मनीराम पटेल, रामस्वरूप पटेल, महाप्रसाद पटेल दलपतपुर, महेंद्र पटेल डहर्रा, मानिक लाल पटेल, डॉ. एसके पटेल, रामचरण पटेल, भागीरथ पटेल, शिवदयाल पटेल, जनपद सदस्य मौराहा कैलाश पटेल, रामेश्वर पटेल गंज, रामपाल पटेल सहित बड़ी संख्या में जिले के समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।
आयोजनों में आने वाले नशाखोरों
पर लगेगा जुर्माना
सम्मेलन में समाज में बढ़ती नशाखोरी पर भी चिंता व्यक्त की गई। फैसला लिया गया कि समाज के सार्वजनिक कार्यक्रमों में कोई भी नशा करके नहीं पहुंचेगा। ऐसा नशाखोंरों पर आर्थिक जुर्माना ठोका जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगांे को नशा नहीं करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही सभी को शादी समारोह या वाहन चलाने के दौरान भी नशा नहीं करने का संकल्प दिलाया गया।