- Hindi News
- National
- Bakswaha News Mp News Patwari Ki Kamal Chana Instead Of Wheat And Wheat Offered In Place Of Gram
पटवारियों का कमाल: गेहूं की जगह चना और चना की जगह रिकार्ड में चढ़ाया गेहूं
तहसीलदार बोले-अभी एप बंद है
शासन ने खेतों में उग रही फसलों के सही आकलन के लिए गिरदावरी एप तैयार किया, लेकिन बकस्वाहा के पटवारियों ने इसका भी तोड़ निकाल लिया। ऑनलाइन डाटा फीड करने के बजाय घरों में बैठकर गिरदावरी कर दी। कागजों में गेंहू की जगह चना और चने के स्थान पर गेहूं उगा दिया।
आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा लागू की गई गिरदावरी ऐप व्यवस्था को लेकर शुरू में पटवारियों ने खूब हल्ला मचाया। कभी ओटीपी नहीं आने, तो कभी नेट की समस्या बताकर इसे नकारने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। अब सारी समस्याओं का समाधान कर ऐप अपडेट किया गया। इसके बाद भी पटवारियों ने किसानों के खेत और कागजों में अलग-अलग फसल रिकार्ड में दर्शा दी। इससे जिले के 7 हजार किसानों को अपने दस्तावेजों में फसल का सही उत्पादन दर्शाने के लिए तहसीलदारों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
किसानों को सबसे अधिक परेशानी समर्थन मूल्य पर खरीदी केंद्र के पंजीयन करवाने की आ रही है। किसान को पंजीयन केंद्र पहुंचने पर पता चलता है, उसका जो रकबा है उसमें चने के बजाय गेहूं या फिर गेहूं के बजाय चने की फसल आ रही है। एेसे में पोर्टल रकबे के हिसाब से ही समर्थन मूल्य पर खरीदी की मंजूरी दे रहा है। एक हेक्टेयर में 50 क्विंटल गेहूं खरीदी की पात्रता है।
यदि किसी किसान ने 4 हेक्टेयर में गेहूं बोया है तो उसे 400 क्विंटल गेहूं बेचन की पात्रता है, लेकिन पटवारी ने 4 में से 2 हेक्टेयर में चना भी उगा दिखा दिया। इससे किसान महज 2 हेक्टेयर के हिसाब से 100 क्विंटल ही गेंहू बेच
सकता है। इसके लिए रिकॉर्ड दुरुस्त कराना होगा।
अव्यवस्था से किसान परेशान : क्षेत्र के करीब एक हजार किसान दस्तावेज सुधरवाने के लिए तहसील कार्यालय के लगा रहे चक्कर
एेसी स्थिति सबसे अधिक बकस्वाहा में एवं आसपास के हलकों में है । अनुमान के अनुसार, भू-अभिलेख शाखा द्वारा एेसे 1 हजार से अधिक किसानों की जानकारी जुटाकर रिकॉर्ड में त्रुटि पाई गई है और आलम यह है कि अधिकारी किसान को ही गलत ठहरा रहे हैं। राजस्व की अव्यवस्था पर जिले के नए कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने फटकार लगाई थी एवं राजस्व आर आई के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। किसान धर्मेंद्र ठाकुर, मनोज तिवारी, संतोष तिवारी, भीम लोधी, प्रहलाद सिंह ठाकुर, मनुआ अहिरवार, गुड्डीबाई, माधव सिंह ने बताया कि हम लोगों के रिकार्ड में यदि सुधार नही हुआ तो कलेक्टर को शिकायत करेंगे।
इस संबंध में तहसीलदार करन सिंह कौरव का कहना है कि अभी एप्प बंद हो गया है। इसलिए जब खुलेगा तब ही कुछ हो सकता है, मैं किसानों का पूरा सहयोग करूंगा।
बकस्वाहा के सभी हल्कों में यही समस्या