- Hindi News
- National
- ORCHHA News Mp News Ramraja Sarkar Will Play Holi Today With Silver Atomizer
चांदी की पिचकारी से रामराजा सरकार आज खेलेंगे होली
धार्मिक नगरी के श्रीरामराजा मंदिर में गुरुवार रात 10 बजे होली उत्सव पूरी राजशाही परंपरा के अनुसार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। दूसरे दिन 13 मार्च सुबह 5 बजे मंदिर में श्रीरामराजा सरकार की मंगला आरती होगी। रंगों के इस महापर्व पर 9 मार्च की रात में नगर के प्रमुख मोहल्लों में व मंदिर परिसर के अंदर होलिका दहन किया गया।
प्राचीन समय से चली आ रही परंपरा के अनुसार रामराजा सरकार भक्तों से होली खेलने गर्भगृह से निकलकर चौक में विराजमान होंगे। भगवान से होली खेलने बड़ी संख्या में श्रद्धालु ओरछा पहुंचने लगे हैं। इस मौके पर बुंदेली फागों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की टोलियां भी मंदिर परिसर में भजन कीर्तन करेंगे। इस अद्भुत नजारे को देखने बुंदेलखंड सहित बड़ी संख्या में देशी-विदेशी सैलानी रामराजा मंदिर में मौजूद रहेंगे। होली महोत्सव का कार्यक्रम गुरुवार रात 10 बजे से शुरू होगा। देर रात तक फगुआरों की टोलियां मंदिर परिसर में बुंदेली फागें गाकर महोत्सव को यादगार बनाएंगी।
हर साल की तरह श्रीरामराजा सरकार की मंगला आरती में शामिल होने के लिए एक दिन पहले से ही श्रद्धालु ओरछा पहुंच ने लगे हैं। साल में दो बार होने वाली मंगला आरती के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है। मंदिर के प्रधान पुजारी रमाकांत शरण महाराज ने बताया कि सरकार की मंगला आरती में शामिल होने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। जो भी प्राणी इस मंगला आरती में शामिल होता है। उसे 501 गोदान का पुण्य फल प्राप्त होता है। श्रीराम जन्म के पावन अवसर चैत्र शुक्ल दसवीं व होली की चौथ जैसे प्रमुख अवसरों पर वर्ष में केवल
दो बार होने वाली मंगला आरती के दौरान मंदिर के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण होगा। होली महोत्सव के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया।
पीतल की नाद में रंग और अबीर भरा जाएगा
होली तीज पर मंदिर के आंगन में पीतल की बड़ी-बड़ी नादों में रंग और अबीर भरा जाएगा और चांदी की पिचकारी से श्रीरामराजा सरकार व श्रद्धालु भक्तों पर रंग और गुलाल डालकर होली खेली जाएगी। सबसे पहले मंदिर के पुजारी रमाकांत शरण महाराज पिचकारी से रामलला पर रंग बरसाकर होली महोत्सव की शुरूआत करेंगे। इसके बाद दूर-दराज से आए श्रद्धालु रामलला पर रंग फेंककर और एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली खेलेंगे। होली महोत्सव पर मंदिर परिसर के अंदर वनवासी राम मंदिर के पास रामसभा का आयोजन होगा।
ओरछा। रामराजा सरकार के साथ होली खेलने पहुंचे हजारों श्रद्धालु।