- Hindi News
- National
- Chhatarpur News Mp News Sagar Refused To Marry 15 Year Old Girl Brought Team To Groom
15 वर्षीय लड़की की शादी करने से मना किया, नहीं माने तो टीम दूल्हे को लाई सागर
देवरी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले गौरझामर गांव में 15 साल की लड़की की शादी गुरुवार देर रात विशेष किशोर पुलिस इकाई और लोकल पुलिस ने मिलकर रोक दी। दोनों पक्ष शादी रोकने के लिए तैयार नहीं हुए तो टीम दूल्हे को अपनी गाड़ी में सागर ले आई। इसके बाद बारात बैरंग की छतरपुर रवाना हो गई।
विशेष किशोर पुलिस इकाई की ज्योति तिवारी ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब 11.30 बजे गौरझामर में एक 15 साल की नाबालिग बालिका का विवाह रचाए जाने की सूचना मिली थी। जब यह सूचना मिली तब टीम देवरी तहसील के जमुनिया गांव से एक बाल विवाह रोककर लौटी ही थी। सूचना मिलते ही टीम तुरंत गौरझामर रवाना हो गई। टीम जब मौके पर पहुंची छतरपुर से आई बारात लग चुकी थी। दूल्हे सुरेंद्र अहिरवार की वरमाला की तैयारी चल रही थी। टीम ने वर और वधु पक्ष के परिजनों को समझाया। लड़की नाबालिग है। यदि विवाह करेंगे तो कार्रवाई होगी, लेकिन दोनों ही पक्ष विवाह रोकने के लिए तैयार नहीं थे। बल्कि टीम से झगड़ने पर आमादा हो गए। काफी बहस के बाद जब दोनों पक्ष नहीं माने तो टीम ने दूल्हे को अभिरक्षा में ले लिया और अपनी गाड़ी में बैठाकर सागर रवाना हो गई। इसके बाद पीछे-पीछे बारात भी पुलिस की गाड़ी के पीछे-पीछे चलने लगी। टीम ने सागर में एक ढाबे पर पूरी बारात को खाना खिलाया और इसके बाद छतरपुर रवाना कर दिया। टीम में सतीश तिवारी, साजिद हुसैन, भैयाराम, वर्षा ठाकुर, योगेश राठौर तथा गौरझामर थाने का अमला शामिल था।