- Hindi News
- National
- Prithvipur News Mp News The Incident Happened Near Jeroen Road Jhumri Telaiya After Three Hours Of Effort Both Bodies Were Taken Out
घटना जेरोन रोड झुमरी तलैया के पास हुआ हादसा, तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला
नगर के जेरोन रोड झुमरी तलैया के पास सड़क किनारे खुले कुएं में गिरने से दो सगे भाईयों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों भाई साइकिल चलाने के लिए घर से निकले थे। इस दौरान साइकिल अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरी।
तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। परिवार में एक लौती बहन अपने दोनों भाईयों को भाईदूज पर
टीका भी नहीं कर सकी और परिवार के दोनों चिराग बुझ गए। इस दर्दनाक हादसे ने लोगों को झंझोर कर रख दिया।
थाना अंतर्गत आने वाले जेरोन-सिमरा मार्ग पर वार्ड नंबर 3 निवासी कृपाशंकर शर्मा के दोनों बेटे 15 वर्षीय सुमित शर्मा और 13 वर्षीय बॉबी शर्मा साइकिल चलाने घर से निकले थे, तभी दोपहर डेढ़ बजे झुमरी तलैया के पास सड़क किनारे खुले कुएं में अचानक साइकिल अनियंत्रित होकर जा गिरी। जिससे दोनों भाई साइकिल सहित कुएं में डूब गए।
पृथ्वीपुर। सड़क किनारे खुले कुएं में गिरे दो सगे भाईयों को निकालने का प्रयास करते गांववाले। इनसेट में कुंआ
4 मोटरों पंप से कुएं का पानी खाली किया
आसपास के लोगों ने तत्काल गिरते देखा तो निकालने की व्यवस्था बनाने लगे। रस्सी डालकर बच्चों को निकालने की कोशिश, लेकिन कुएं में नीचे तक डूब चुके थे। कुएं में पानी अधिक होने से निकालना मुश्किल हो रहा था। जिस पर स्थानीय लोगों चार मोटरों पंप लगाकर कुएं का पानी खाली करके सड़क पर बहाया। तीन घंटे तक स्थानीय लोग मशक्कत करते रहे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर थाना प्रभारी मृगेंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ और नगर परिषद के कर्मचारी पहुंचे। जहां व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।
ओरछा की रेस्क्यू टीम ने निकाले शव
दोनों बच्चे जब नहीं मिले तो आनन-फानन में प्रशासनिक कर्मचारियों ने ओरछा की रेस्क्यू टीम को बुलाया। जिसमें एसडीआरएफ की टीम से पीसी गोविंद नारायण रेगर, सैनिक अंकित मिश्रा, सौरभ धनकड़, अभिषेक यादव, ओमदत्त तिवारी सिविल डिफेंस वालिंटियर राजकुमार यादव घटना स्थल पर पहुंचे। जहां बड़ी मशक्कत के बाद पहले साइकिल निकाली। इसके बाद दोनों शवों को खटिया डालकर निकाला गया। जिन्हें पीएम के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया।
पिता और बहन गई थी ओरछा, भाईदूज पर बहन नहीं कर सकी टीका
बुधवार को पिता कृपाशंकर शर्मा और 17 वर्षीय बेटी स्नेहा ओरछा गई हुई थी। बहन स्नेहा ने दोनोें भाईयों का सुबह भाईदूज का टीका भी नहीं किया था, बहन को लौटकर टीका करना था, लेकिन भाईदूज मनाने से पहले ही परिवार के दोनों चिराग बुझ गए। जब घटना की जानकारी पिता और बहन को लगी तो यह दर्दनाक घटना सहन नहीं सके।
बेटे को पुकारती हुई दौड़ी मां
घटना के एक घंटे तक यह जानकारी नहीं लग रही थी कि अाखिर यह बच्चे किसके हैं। जब इसकी जानकारी मां को लगी तो वह घर से दौड़कर सीधे कुएं पर पहुंची। जहां मां रो-रोकर बेटोें को पुकार रही थी। यह पूरा परिवार उत्तरप्रदेश के मऊरानीपुर के लुहरगाय के रहने वाला है। जेरोन रोड पर किराए के मकान में रहते थे। कुएं से 500 मीटर की दूरी पर घर था।