- Hindi News
- National
- Naugaon News Mp News Two Accused Arrested For Shooting An Old Farmer In A House Arrest
रंजिश में वृद्ध किसान को गोली मारने वाले 2 आरोपियों को दबोचा
5 की अब भी तलाश
लुगासी चौकी अंतर्गत चौखड़ा गांव में महिला दिवस 08 मार्च के दिन एक 60 वर्षीय वृद्ध को पुरानी रंजिश के चलते आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक राय होकर घेराबंदी की। साथ ही कट्टे से गोली मारकर अधमरा करने के मामले में फरार चल रहे आरोपियों में से पुलिस ने मुखबिर की सूचना से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।। जहां पर पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड की अर्जी लगाई। इस पर कोर्ट ने पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए आरोपियों की रिमांड दे दी।
महिला दिवस के दिन ग्राम चौखड़ा गांव में खेत की रखवाली कर रहे 60 वर्षीय वृद्ध को आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक मत होकर गोली मार दी। घायल वृद्ध मदन पाल यादव पिता स्वर्गीय हल्के लाल यादव सुबह करीब 10 बजे ट्रैक्टर से अपनी दो नातिन मौसम और जिया के साथ अपने पनपुरा वाले हार खेत में पानी देने के लिए गया था। खेत में पानी देने के बाद में पेड़ की छॉव में तख्त पर लेट गया। तभी पुरानी बुराई के चलते कामता यादव, रतन यादव, खूबचन्द्र, राकेश, श्रीराम,लखन और अर्जुन ने एक राय होकर घेराबंदी करते हुए वृद्ध मदन पाल यादव को गोली मार दी| गोली लगने से वृद्ध मदन पाल यादव खून से लहुलुहान हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद कामता यादव अपने 6 साथियों के साथ वृद्ध को लहूलुहान हालात में छोडक़र भाग गए। सामने बैठी वृद्ध की दोनों नातिनें मौसम व जिया अपने घर की और भागी और परिवार के लोगों को घटना की सूचना दी। घटना की जानकारी लगते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और डायल 100 को सूचना दी। पुलिस ने वृद्ध को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी लगते ही एएसपी, एसडीओपी श्रीनाथ बघेल, थाना प्रभारी बीएन शर्मा, गर्रौली चौकी प्रभारी माधवी अग्रिहोत्री, लुगासी चौकी प्रभारी अमित मिश्रा, उपनिरीक्षक अतुल झा, मनोज यादव ने घटना स्थल का मौका मुआयना की ओर घटना की जांच शुरू करते हुये आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसके बाद बुधवार की दोपहर लुगासी चौकी प्रभारी अमित मिश्रा, उप निरीक्षक अतुल झा, उप निरीक्षक मनोज यादव, आरक्षक भूपेन्द्र यादव ने पुलिस बल के साथ बरिया चौकी के पास रामरतन यादव एवं श्री राम यादव नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। जहाँ पर पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड की अर्जी लगाई जिस पर कोर्ट ने पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए आरोपियों की रिमांड दे दी। वहीं दो की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का कहना है कि जल्द ही इसी मामले में फरार चल रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा|