- Hindi News
- National
- Chhatarpur News Mp News Uncle Took Farm On The Pretext Of Feeding Peas Strangled Him And Murdered Nephew
मटर खिलाने के बहाने खेत ले गया चाचा, वहां गलाघोंट कर भतीजे की कर दी हत्या
चंदला थाना के दशरथपुरवा गांव में 15 दिन पहले घर से खेत मटर खाने के लिए निकले चाचा-भतीजे अचानक गायब हो गए थे। पुलिस ने इस मामले की गुत्थी को सुलझा लिया है, दरअसल मटर खिलाने के बहाने खेत ले जाकर चाचा ने ही भतीजे की हत्या कर दी थी। पुलिस ने 15 दिन बाद हत्याआरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मटर के खेत के अंदर से मृतक बालक का क्षतविक्षत हालत में कंकाल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
चंदला थाना के दशरथपुरवा गांव के धरमपाल पिता चंद्रपाल पटेल 22 वर्ष अपने भतीजे नितीश उर्फ छोटू पिता शिवपाल पटेल 10 वर्ष को 28 फरवरी की शाम करीब 4 बजे खेत पर मटर खिलाने के लिए ले गया था। खेत पर पहुंच कर दोनों ने मटर खाई, इसके बाद आरोपी धरमपाल पटेल ने अपने भतीजे नितीश उर्फ छोटू की तौलिया से गला घोंटकर हत्या कर दी और उसका शव मटर के खेत के अंदर ही फैंक कर फरार हो गया था।
आरोपी धरमपाल और नितीश के गायब होने के संबंध में परिजनों ने चंदला थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन दोनों की तलाश में जुटे थे। लवकुशनगर एसडीओपी केसी पाली के मार्गदर्शन में चंदला थाना प्रभारी बीरेंद्र बहादुर सिंह, एसआई मनोज गोयल, गोयरा थाना प्रभारी हेमंत नायक, बंशिया थाना प्रभारी संदीप खरे, हिनौता थाना प्रभारी अक्षय सिंह बैस की एक टीम तैयार की गई।
इसी बीच आरोपी की लोकेशन मिलने पर उसकी घेराबंदी कर जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने नितीश उर्फ छोटू की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी के ही खेत पर जाकर मृतक के क्षतविक्षत कंकाल को बरामद कर लिया।
धन खोदने के चक्कर में की थी हत्या
एसडीओपी केसी पाली ने बताया कि आरोपी धरमपाल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने भतीजे नितीश को अपने खेत पर मटर खिलाने के लिए ले गया। वहां दोनों ने मटर खाई, इसके बाद उसने नितीश के मुंह में तौलिया ठूंस दी, ताकि आवाज न निकल सके। इसके बाद उसका गला घोंट कर मार डाला। मौत हो जाने के बाद उसे खेत के अंदर ही मटर की बड़ी फसल के बीच ही फैंककर भाग गया था। उन्होंने बताया कि पूछताछ में प्रथम दृष्टया पाया गया कि आरोपी ने धन खोदने के चक्कर में भतीजे को मारा। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। इस वारदात में उसके साथ और कौन कौन है।
कहीं सिर मिला, कहीं धड़, कहीं हाथ पांव
घटना के 15 दिन बीत जाने के बाद जानवरों ने उसके शव को नोंच नोच कर क्षतिग्रस्त कर दिया था। उसका सिर एक जगह मिला, कुछ दूरी पर पैरों की हड्डियां, तीसरी जगह हाथ व धड़ का कंकाल मिला। मृतक के पिता शिवपाल ने उसके गले में पड़े धागा और चड्डी से अपने बेटे के रूप में शिनाख्त की। शाम को छतरपुर से एफएसएल टीम भी घटना स्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल की। जानकारी के अनुसार जिस दिन से बच्चा गायब हुआ था, तभी से उसके पिता व परिजन धन खोदने के चक्कर में हत्या किए जाने की शंका जता रहे थे।