- Hindi News
- National
- Hata News Mp News Bundelkhandi Tradition Togas Dancing To The Tune Of Nagadia Dholak Majira
बुंदेलखंडी परंपरा: नगड़िया, ढोलक, मजीरा की धुन पर फाग गाकर नाचती रहीं टोलियां
बुंदेलखंड में परंपरागत तरीके से होली मनाने की रस्में इस आधुनिकता के युग में फीकी पड़ती जा रही हैं, लेकिन आज भी धुरेड़ी के दिन फाग गायन बरकरार है। हटा नगर के कटरा मोहल्ला में सुबह ग्यारह बजे से शाम चार बजे तक हुरियारों ने परंपरागत फागों का गायन किया। नगड़िया, ढोलक, मजीरा और अन्य वाद्य यंत्रों पर थिरकते हुए राधा कृष्ण की लीलाओं से जुड़ी फागें गाई गईं। इस अवसर पर एक दूसरे को बधाई देते हुए प्रसाद वितरण भी किया गया।
वहीं आसपास के ग्रामीण अंचलों में जिस परिवार के यहां किसी परिवार के सदस्यों का निधन हो जाता है, वहां भी जाकर फागें गाई जाने की परंपरा आज भी कायम है। इसके पीछे यह तर्क दिया जाता है कि शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना देना है।
बुजुर्ग परसू पटेल ने बताया कि आज कि युवा पीढ़ी इस समय यह परंपराएं भूलती जा रही है। पहले हर गली मोहल्ले में फागों का गायन किया जाता था, अब धीरे-धीरे यह परंपरा विलुप्त होती जा रही हैं। यही कारण है कि इसे जीवित रखने के लिए होली में मोहल्ले के लोगों के साथ बैठकर फागों का गायन कर लेते हैं। राजू लखेरा, माखन पटैल, संतोष पटैल, बाली पटैल ने बताया कि हमारे देश में होली का पर्व काफी मायने रखता है। यह पर्व एक-दूसरे के प्रति बुराइयों को भुलाकर आपस में उत्साह व उमंग के साथ रहना सिखाता है।
धूमधाम से मनाया पर्व
हटा में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। होलिका दहन के दूसरे दिन नगर गलियों में मस्ती करते छोटे-छोटे बच्चों ने एक दूसरे पर पिचकारियों से रंग डाला। जबकि युवा वर्ग ने गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। युवा वर्ग अपने चेहरे पर विशेष प्रकार के मुखौटे लगाए दिखाई दिए। धुरेड़ी के दिन पुलिस जवानों की ड्यूटी में व्यस्तता होने के चलते यहां रंग गुलाल की होली थाना परिसर में दोज के दिन ही मनाई जाती है। बुधवार की सुबह से थाना परिसर में बैंड बाजों की धुन पर नाचते गाते पुलिसकर्मियों द्वारा होली मनाई। हालांकि प्रतिवर्ष की तरह थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों का जुलूस इस बार शहर में नहीं निकाला गया।
हटा। नगर के कटरा मोहल्ला में धुरेड़ी के दिन फांगें गाते लोग।