चैत्र नवरात्र अष्टमी पर निकलेगी शोभायात्रा
चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। साथ ही बूंदाबहू मंदिर के सानिध्य में श्रीरामनवमीं मनाई जाएगी। जिसमें सभी धर्मप्रेमी जन, मंदिरों के प्रतिनिधि शामिल होगें। आयोजनों के संबंध में श्री देव जानकी रमण बूंदाबहू मंदिर में बैठक हुई।
जिसमें वरिष्ठ समाजसेवियों, मंदिरों के अध्यक्ष, सचिव सहित बूंदाबहू मंदिर ट्रस्ट की समिति व हिंदूवादी संगठनों के साथ विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल की उपस्थिति रही। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार आने वाली रामनवमीं की पूर्व संध्या पर 1 अप्रेल को शाम 4 बजे विशाल शोभायात्रा घंटाघर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई भव्य स्वरूप में निकाली जाना है। जिसमें सभी जाति वर्ग एवं सनातन धर्म को मानने वाले प्रत्येक व्यक्ति की उपस्थिति एवं सहयोग किया जाना अपेक्षित है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे पं. बिहारी लाल गौतम ने कहा कि लगभग 1000 वर्ष के बाद ऐसी रामनवमीं हमें मनाने का सौभाग्य मिला है जब प्रभु श्री राम अपने स्थान पर अयोध्या में भव्यता के साथ विराजेंगे। हम वह सौभाग्यशाली पीढ़ी हैं जो यह पुण्य पुनीत कार्य अपनी आंखों से देखेगी।
4 लाख ध्वज पताकाएं झंडियों से होगी सजावट
बूंदाबहू मंदिर समिति की ओर से 4 लाख ध्वज पताकाएं भगवा झंडियों के रूप में पूरे शहर में सजाने के कार्य को संपन्न किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष देवी सिंह ने बताया कि इसके अतिरिक्त पूरे घंटाघर को विशेष प्रकार के पुष्पों से सजाया जाएगा। साथ ही अलग-अलग संघ एवं संगठनों ने तथा समाज के प्रमुख वरिष्ठजनों ने अपनी-अपनी सामाजिक झांकी प्रभु श्री राम के साथ मंदिर की शोभायात्रा में निकालने का निर्णय लिया है। इसके आगामी चरण की बैठक 17 मार्च को शाम 7 बजे बूंदाबहू मंदिर में रखी गई है। जिसमें समस्त दमोह जिले के स्वयंसेवी संस्थानों एवं स्थानीय लोगों से उपस्थित रहने की अपील मंदिर समिति के द्वारा की गई है। साथ ही सभी से कार्यक्रम की भव्यता बढ़ाने के लिए सुझाव मांगे गए हैं।
दमाेह। बूंदाबहू मंदिर में बैठक कर लिए गए निर्णय।